लखनऊ। उत्तर प्रदेश में हाड़ कंपाने वाली ठंड का कहर जारी है।रविवार को कई जिलों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। अयोध्या सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बुधवार से राजधानी लखनऊ के लोगों को हाड़ कंपाने वाली ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।हालांकि मौसम विभाग ने ठंड को लेकर 18 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।





कई शहरों में तापमान तीन डिग्री के नीचे पहुंचा





मौसम विभाग के अनुसार कम तापमान दर्ज करने वाले जिलो में कानपुर था जहां न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया,प्रयागराज 3.2,हमीरपुर 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वाराणसी, झांसी, उरई, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा,अलीगढ़ और अन्य में भी न्यूनतम तापमान 3.8 और 4.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।





रविवार को लखनऊ में छाया रहा घना कोहरा





रविवार को राजधानी लखनऊ देर रात तक घने कोहरे के आगोश मे रही। दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह गई। यह लगातार दूसरे दिन था जब राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे 4.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। दोपहर में धूप भी कुछ खास राहत नहीं दे पाई,क्योंकि इसके साथ ठंडी बर्फीली हवाएं भी चल रही थीं।





जनवरी के आठ दिनों ने तोडा ठंड का रिकॉर्ड





लखनऊ मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने कहा कि जनवरी के पहले आठ दिनों में पिछले 10 सालों में दिन के समय इतनी ठंड कभी नहीं पड़ी। दिन के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने से लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले लखनऊ में रात का तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे गिर गया था, लेकिन उस समय लोग सो रहे थे,उन्हें ठंड का एहसास नहीं हुआ।





अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम





रविवार को अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जो सामान्य से 8 डिग्री कम था, लेकिन दिनभर चली ठंडी बर्फीली हवाओं और धूप को रोके रखने वाले कोहरे के कारण लोग ठिठुरते रहे।ठंड और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं पिछले कुछ दिनों में तापमान को निचले स्तर पर बनाए हुए हैं। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण आने वाले दिनों में कुछ राहत मिलेगी,क्योंकि तापमान में कुछ डिग्री की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।