बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में शनिवार को एक अनोखी शादी हुई।ये शादी अब सुर्खियों में छा गई है।यहां के रिशिया इलाके में हुई एक शादी में दूल्हा बुलडोजर (जेसीबी)पर सवार होकर ससुराल पहुंचा।दूल्हे ने बुलडोजर को बाकायदा फूलों से सजवा रखा था और अगले हिस्से पर बैठने के लिए लकड़ी का तखत भी लगवाया था।दूल्हे को बुलडोजर पर सवार देखकर स्थानीय लोगों ने जमकर बुलडोजर बाबा का जयकारा लगाया।इस बारात का वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है।





मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मणपुर शंकर गांव के रहने वाले सलीम की बेटी रुबीना का निकाह श्रावस्ती जिले के बादशाह के साथ होना था।बादशाह शनिवार को अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए बुलडोजर को ही अपनी सवारी बनाकर गाजे-बाजे के साथ अपने ससुराल पहुंच गया।बादशाह की बारात देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।लोगों ने जमकर बुलडोजर बाबा का जयकारा लगाया।बारात में खास बात यह भी रही कि इसमें एक साथ 6-6 बुलडोजर नजर आए जिसमें दूल्हे के साथ उसके बाराती भी सवार थे।





बादशाह ने स्थानीय लोगों को बताया कि सब अपनी शादी में लग्जरी गाड़ी और घोड़े से आते हैं,लेकिन हम अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए कुछ अलग करने के लिए ठानी। इसलिए योगी बाबा के बुलडोजर से आए हैं।