विशेष संवाददाता
रांची। बैंक ईम्पलाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया का दो दिवसीय चतुर्थ महिला कन्वेंशन का समापन रविवार को राजधानी के पुरुलिया रोड स्थित सोशल डेवलपमेंट सेंटर में हुआ।कन्वेंशन के पूर्व शनिवार (10 दिसंबर) को बैंक कर्मचारियों का सोशल डेवलपमेंट सेंटर से रैली निकला जो आर्किड अस्पताल होते हुए सभा स्थल पर पहुंचा। वहां पर बेफी की उपाध्यक्षा कॉमरेड रूपा खलखो द्वारा बेफी का झंडा फहराया गया।
स्वागत समिति की अध्यक्ष दयामणि बरला ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम के पूर्व वेफ झारखंड की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम क्रांतिकारी गीतों से सभी का स्वागत किया गया। कन्वेंशन के मुख्य अतिथि कॉमरेड प्रकाश विप्लव (उपाध्यक्ष सीटू), झारखंड ने अपने अध्यक्षीय भाषण में वर्तमान सरकार के कर्मचारी एवं जन विरोधी नीतियों के विरुद्ध आंदोलन के लिए एकजुट होने के लिए आह्वान किया। कॉमरेड सहबा फारुकी ने सम्मेलन का उद्घाटन किया तथा अपने भाषण में पितृसत्तात्मक समाज में कामकाजी महिलाओं की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए महिला सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला। इसमे देश के विभिन्न जगहों से काफी संख्या में प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। संध्या समय में इप्टा द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। तो दूसरी तरफ प्रवीण कर्मा कार एवं साथियों द्वारा पेंटिंग प्रदर्शनी हुआ।जिसमें मुख्य रुप से महिला सशक्तिकरण एवं झारखंड की संस्कृति को दर्शाया गया ।
सम्मेलन के समापन पर रविवार को महिला समिति के संयोजक के प्रतिवेदन पर बहुत से प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया तथा अपना बहुमूल्य सुझाव दिया।सर्वसम्मति से कुछ संशोधन के पश्चात संयोजक का मसौदा प्रस्ताव पारित हुआ। उसके पश्चात कन्वेंशन के अंतर्गत छह प्रस्ताव पारित किए गए। जिसमें मुख्य रुप से कार्य स्थल पर अलग से शौचालय की सुविधा, सभी संस्थानों में सेक्सुअल हरासमेंट कमेटी का गठन हेतु, दैनिक एवं अस्थाई मजदूरों को स्थाई करने, महिलाओं को संसद मे 33 प्रतिशत का आरक्षण सहित अन्य प्रस्ताव पारित किए गए। सर्वसम्मति से अखिल भारतीय स्तरीय महिला समिति का गठन किया गया।जिसकी संयोजक कॉमरेड रजीतामोल चुनी गई। इस कन्वेंशन का धन्यवाद ज्ञापन कॉमरेड शान्ता मल्लिक ने किया।लहराएगा सदा झंडा अपना लाल के सामूहिक गान के साथ कन्वेंशन की कार्यवाही समाप्त हुई। उक्त जानकारी महासचिव एमएल सिंह ने दी।





