प्रतिनिधि,जमशेदपुर। एमजीएम सिंदुरमाटी के बाद अब बोड़ाम के ग्रामीण भी जागरूक हो गए हैं। जिसके तहत बोड़ाम के ग्रामीणों ने शुक्रवार की रात्रि टाटा-पटमदा रोड पर बोटा कुंकल मैदान स्थित गोदाम से चोरी करते हुए 7 आरोपी को रंगेहाथों पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहीं घटना के संबंध में बोड़ाम थाना की पुलिस ने बोड़ाम बोटा टोला जालंडीह निवासी प्रेस हांसदा के बयान पर सभी के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज किया है।





गिरफ्तार आरोपियों में बागबेड़ा रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी निवासी दीपक कुमार साह, बागबेड़ा गाड़ाबासा निवासी विष्णु पात्रो, जुगसलाई नाला रोड निवासी सुरज कुमार, सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर निवासी अभिषेक जायसवाल, प्रधान, कांड्रा का रहने वाला गोदाम मालिक सोनाराम के अलावा वाहन मालिक को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।





मामले में पुलिस का कहना है कि बोटा कुंकल मैदान के पास स्थित गोदाम से डीआई पाइप की चोरी 5 और 6 जनवरी को लगातार की जा रही थी। जिसकी भनक 5 जनवरी की शाम ग्रामीणों को लग गई। जिसके बाद गांव के लोगों ने शुक्रवार की रात्रि लगभग 2 बजे कुछ चोरों को रंगेहाथ दबोच लिया। साथ ही इसकी जानकारी पुलिस को दी। वहीं पुलिस ने पकड़ाए आरोपियों की निशानदेही पर कुछ लोगों को छापेमारी कर गिरफ्तार भी किया है। जबकि पुलिस ने शनिवार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं मामले में और कुछ लोग भी शामिल थे। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी भी कर रही है।