रांची।झारखंड की राजधानी रांची पुलिस ने एयरपोर्ट मैनेजर को 15 दिन पहले फोन कर धमकी देने के मामले का खुलासा किया है।गिरफ्तार आरोपियों ने कर्ज भरने के लिए और महंगे कपड़े खरीदने के लिए एयरपोर्ट मैनेजर से रंगदारी की मांगी की थी।
गिरफ्तार पप्पू कुमार उर्फ कुड़ी आईपीएल में सट्टा खेलता है। पप्पू ने 12 लाख रुपए कर्ज लेकर आईपीएल में सट्टा लगाया था और सट्टे में सारा पैसा हार गया था।पप्पू को कर्ज देने वाले लगातार पैसा वापस करने का पप्पू पर दबाव बना रहे थे।वहीं आरोपी निर्माण कुमार उर्फ मारुति को महंगे कपड़े पहनने का शौक था।दोनों ने एक-दूसरे को अपनी परेशानी के बारे में बताया। इसके बाद दोनों ने मिलकर रंगदारी मांगने की योजना बनायी।पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने इस बात का खुलासा किया।आरोपियों ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति बहुत खराब हो गयी थी।
गूगल से निकाला था मोबाइल नंबर
पुलिस के मुताबिक रंगदारी मांगने की पूरी प्लानिंग 25 जुलाई को आरोपी पप्पू उर्फ कुड़ी ने बनायी थी।उसने गूगल से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के मैनेजर का मोबाइल नंबर निकाला। इसके बाद 27 जुलाई को आरोपी ने फोन कर एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी दी। अगले दिन 20 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। इसके बाद टेक्ट मैसेज कर भी रंगदारी मांगी गई। इस दौरान आरोपियों ने उनसे कहा था कि मदद कीजिए, हम लोग मुसीबत में हैं। अगर पैसा नहीं देंगे तो एक्शन लेना होगा।
राधे से दो हजार में खरीदा था सिम
आरोपी निर्माण और कुड़ी से राधे कुमार की जान पहचान थी। आरोपी राधे को घटना से एक माह पहले नालंदा इलाके में सड़क पर गिरा हुआ सिम मिला था। कुछ दिन तक उसने उस सिम को मोबाइल में लगाकर यूज भी किया। इसी क्रम में आरोपी निर्माण ने उससे संपर्क किया और कहा कि उसे एक सिम की जरूरत है। आरोपी राधे से दोनों ने दो हजार रुपए में सिम खरीदा था।





