प्रतिनिधि,जमशेदपुर।कोल्हान सिखों की सर्वोच्च संस्था सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के नए प्रधान भगवान सिंह चुने गए हैं। उन्होंने 160 मतों के विशाल अंतर से अपने प्रतिद्वंदी हरमिंदर सिंह मिंदी को हराया। जबकि नामदा बस्ती गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान और पूर्व उपाध्यक्ष सरदार महेंद्र सिंह मात्र 3 मतों पर ही सिमट गए। चुनाव में भगवान सिंह को कुल 170 मत प्राप्त हुए। जबकि हरमिंदर सिंह मिंदी को 10 मत और महेंद्र सिंह को मात्र 3 मत से ही संतोष करना पड़ा।निर्धारित समय के अनुसार बुधवार की सुबह 10 बजे चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। जिसमें 211 प्रतिभागियों को मत का अधिकार मिला था।





इस दौरान कदमा गुरुद्वारा के प्रधान सुखविंदर सिंह ने अरदास कर सबसे पहले मताधिकार का प्रयोग साकची गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान निशांत सिंह एवं उनके अन्य 9 सदस्यों ने किया। वहीं रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान हरमिंदर सिंह मिंदी एवं साकची गुरुद्वारा कमेटी के पूर्व प्रधान सरदार हरविंदर सिंह मंटू के मतदान बहिष्कार का ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा। चुनाव के दौरान 211 में से 185 प्रतिभागियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 170 मत मानगो गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान एवं उम्मीदवार भगवान सिंह को, रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान हरमिंदर सिंह को 10 मत एवं नामदा बस्ती गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान महेंद्र सिंह को 3 मत मिले। साथ ही 2 मतों को तकनीकी कारणों से अवैध घोषित कर दिया गया।





मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही भगवान सिंह को चुने जाने की घोषणा कर दी गई। जिसके समर्थकों ने पटाखे फोड़कर दिवाली मनाते हुए ढोल पर भांगड़ा भी करने लगे। जिसके बाद सभी गुरुद्वारा पहुंचे। जहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज का शुकराना अदा किया। यहां पांच सदस्य समिति के तारा सिंह ने मतदान परिणाम की घोषणा कर शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया पूरी होने पर वोटरों एवं प्रशासन के प्रति आभार भी जताया। वहीं पांच सदस्य समिति के सदस्य अमरजीत सिंह ने भूल चूक के लिए संगत से माफी भी मांगी। समिति के नरेंद्र पाल सिंह भाटिया, गुरुदयाल सिंह, दलजीत सिंह ने जीत का प्रमाण पत्र दिया।





यहां तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब के महासचिव सरदार इंदरजीत सिंह, झारखंड गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान शैलेंद्र सिंह, नए प्रधान भगवान सिंह ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज एवं संगत के प्रति आभार जताते हुए विश्वास दिलाया कि अब सभी को साथ लेकर चला जाएगा। किसी प्रकार का भेदभाव पूर्ण व्यवहार नहीं होगा। ऐसा कोई कृत्य नहीं होगा जिससे कौम की बदनामी के साथ साथ सिखों का सर नीचा हो। यहां स्त्री सत्संग सभा की गुरमीत कौर की ओर से सिरोपा भेंट कर संगत के बीच लड्डू का वितरण किया।





भगवान सिंह की जीत पर एक 100 किलो का हार जोगिंदर सिंह जोगी, गुरदीप सिंह पप्पू, गुरचरण सिंह बिल्ला, दमनप्रीत सिंह, अमरजीत सिंह भामरा, सुरजीत सिंह खुशीपुर, कुलदीप सिंह बुग्गै,जसवीर सिंह सोनी, मोनी, सरबजीत सिंह आदि ने पहनाकर उन्हें बधाई दी। मौके पर प्रधान निशान सिंह, प्रधान जगजीत सिंह, प्रधान कुलविंदर सिंह, प्रधान दलबीर सिंह, प्रधान लखविंदर सिंह, प्रधान महेंद्र सिंह प्रधान बलदेव सिंह, प्रधान गुरमुख सिंह खोखर, टुइलाडूंगरी, बिरसा नगर समेत विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों के प्रधान एवं समर्थक उपस्थित थे। चुनाव को सफल बनाने में चुनाव पदाधिकारी एवं टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट परविंदर सिंह, चरणजीत सिंह व उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही। साथ ही चुनाव के दौरान रैफ टीम भी मौके पर तैनात थी। वहीं साकची थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक संजय सिंह एवं उनकी टीम भी मुस्तैद थी। इस दौरान दंडाधिकारी भी चुनावी प्रक्रिया पर नजर रखे हुए थे।