गिरीडीह।झारखंड में मची सियासी उठापटक के बीच भारतीय जनता पार्टी का आज शनिवार 27 अगस्त से तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर गिरिडीह जिले के मधुबन के तलेटी तीर्थ में शुरू हो रहा है। 29 अगस्त तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय कई नेता शामिल होंगे और मुख्य रूप से संगठनात्मक और वैचारिक मुद्दों पर चर्चा की जायेगी। प्रशिक्षण शिविर में 15 सत्रों का आयोजन होगा।
भाजपा का राष्ट्रवाद और संस्कृति पर चर्चा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, प्रदेश प्रभारी सह राष्ट्रीय महासचिव दिलीप सैकिया और विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी संयुक्त रूप से शनिवार को सुबह दस बजे इस प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करेंगे।प्रथम सत्र में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी सतीश अपने विचार व्यक्त करेंगे।इस संबंध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि शिविर में देश, झारखंड और समाज हित का संकल्प लिया जाएगा।उन्होंने कहा कि मधुबन के पवित्र भूमि में भाजपा का राष्ट्रवाद और संस्कृति पर चर्चा होगी।
15 सत्रों का होगा आयोजन
प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह ने बताया कि इस शिविर में झारखंड प्रदेश से लगभग तीन सौ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे।गिरिडीह जिला कमेटी के सहयोग से तैयारी पूरी हो गयी है। उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक चलने वाले इस शिविर में अलग-अलग विषयों पर कुल 15 सत्रों का आयोजन किया जायेगा।इसमें आतंरिक सांगठनिक चर्चा होगी। संगठन हित में कार्यकर्ताओं के अंदर क्या-क्या होना चाहिए इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी जायेगी। वहीं संगठन कार्य करने के भाव से अवगत कराया जायेगा।





