प्रयागराज।उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र में भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्‍यक्ष 35 वर्षीय अजय शर्मा को बदमाशों ने सोमवार की रात गोली मार दी।शर्मा को स्‍वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया,लेकिन हालत गंभीर होने पर शहर के निजी अस्‍पताल में उनका इलाज चल रहा है।

भाजपा किसान मोर्चा गंगापार के जिला उपाध्यक्ष अजय शर्मा को गोली मारने के बाद पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर आइजी राकेश सिंह और डीआइजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने पहुंच कर जायजा लिया। एसएसपी ने जल्द से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्‍वासन दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अजय शर्मा फाफामऊ थाना क्षेत्र के लेहरा गांव में परिवार के साथ रहते हैं। अजय सोमवार की रात घर से किसी काम से बाहर गए थे। रास्‍ते में अज्ञात आधा दर्जन बदमाशों ने उनको घेर लिया।बदमाशाें से घिरा देख अजय शर्मा बचने के लिए भागे।बदमाश अजय पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे,ताबड़तोड़ फायरिंग के दौरान अजय को पेट व कंधे में पांच गोरी लगी है।ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज और अजय की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण बदमाशों की तरफ दौड़े।ग्रामीणों को अपनी
तरफ आता हुआ देख बदमाश कई राउंड फायरिंग करते हुए मौके से भाग गए।

परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर आनन फानन में अजय को गंभीर हालत में स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे।अजय की हालत गंभीर देखते हुए परिजनों ने शहर के आनंद नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।परिजनों का कहना है कि अजय को आधा दर्जन के करीब पेट और गर्दन के पास गोली लगी है।
घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि हमला करने वाले कार और बाइक से आए थे।पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद परिवार के लोगों व ग्रामीणों से पूछताछ की।

थाना प्रभारी फाफामऊ रामकेवल पटेल ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।अभी तक पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। घायल अजय प्रापर्टी का भी काम करते थे।फिलहाल जानलेवा हमला करने वालों की तलाश की जा रही है।