लखनऊ।उत्तर प्रदेश 2022 विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी योजनाएं बनाई हैं।इसी क्रम में अगले 10 दिनों में केंद्रीय गृहमंत्री पार्टी के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह का बैक टू बैक तूफानी चुनावी दौरा होने जा रहा है।

भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में फतह कराने का बीड़ा उठाए गृहमंत्री अमित शाह अगले दस दिनों में राम नगरी अयोध्या, संगम नगरी प्रयागराज, बाबा गोरखनाथ की धरती गोरखपुर और झुमका गिरने वाले बरेली में ताबड़तोड़ चुनावी जनसभाएं करेंगे। भाजपा के शाह 10 दिनों में प्रदेश के 140 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे और साथ ही 21 जनसभाओं में प्रदेश की योगी सरकार की ओर से चलाई जा रही सरकारी योजनाओं का प्रचार कर मतदाताओं को अपनी पार्टी की ओर लुभाने की कोशिश करेंगे।

आपको बता दें कि भाजपा के शाह इस दौरान तीन रोड शो भी करेंगे और इस ताबड़तोड़ चुनावी दौरे के दौरान ही विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी ताल ठोंकने की आस लगाए उम्मीदवारों की नब्ज भी टटोली जाएगी। उम्मीदवारों का रिपोर्ट कार्ड इन जनसभाओं में भीड़ जुटाने के आधार पर तय किया जा सकता है। 24 दिसंबर को प्रयागराज से अपनी पहली चुनावी जनसभा की शुरुआत करेंगे।