रांची।भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने सोमवार को हेमंत सोरेन सरकार को गिराने का कांग्रेस के आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि धनशोधन मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा पकड़े तीनों कांग्रेस विधायकों से भाजपा का कोई लेना देना नहीं है।
दीपक प्रकाश ने हेमंत सोरेन सरकार को गिराने के आरोपों पर कहा कि निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं।सच तो यह है कि कांग्रेस विधायकों की गाड़ी में पैसा पकड़ा गया है। कांग्रेस को इसका जवाब देना चाहिए।उन्होंने कहा कि सच यह है कि हेमन्त सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप है।जिससे वो बच रहे हैं।कंफ्यूजन फैलाकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है।कांग्रेस विधायक द्वारा जीरो एफआईआर दर्ज़ कराने को लेकर कहा कि यह पूरी तरह से बोगस एफआईआर है।
प्रकाश ने कहा कि तृणमूल नीत पश्चिम बंगाल सरकार और झामुमो-कांग्रेस नीत झारखंड सरकार ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर गठबंधन बनाया है।कल पश्चिम बंगाल पुलिस ने तीन कांग्रेस विधायकों को बड़ी मात्रा में कैश के साथ पकड़ा और 10 दिन की सीआईडी की रिमांड पर भेज दिया।
सीआईडी की लम्बी पूछताछ के बाद तीनों विधायकों को हवड़ा जिला न्यायालय में पेश किया गया। जामताड़ा से विधायक इसफान अंसारी, खिजड़ी से विधायक राजेश कच्छप और नमन बिक्सल को कल पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया था।





