रांची।नए साल 2023 के चौथे दिन बुधवार को भी मौसम का मिजाज तलख बना रहा।झारखंड में भीषण ठंड और शीतलहर प्रकोप है।राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने बढ़ती शीतलहर को देखते हुए स्कूलों को बंद करने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा है कि दूसरी तरफ नौनिहालों के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने का कोई निर्देश निर्गत नहीं हुआ है।
राजकुमार राज ने बुधवार को सरकार और समाज कल्याण विभाग से मांग की है कि वह अपने स्तर से आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने का निर्देश जारी करें। उन्होंने ने कहा कि इसके लिए संबंधित उपायुक्त भी अपने स्तर से निर्णय ले सकते हैं।
राजकुमार राज ने कड़कड़ाती ठंड और बढ़ते शीतलहर के मद्देनजर सभी चौक चौराहा पर अलाव की व्यवस्था करने तथा गरीबों के लिए व्यापक पैमाने पर कंबल वितरण करने की व्यवस्था करने की मांग भी सरकार से की है। उन्होंने कहा है इस आशय का एक पत्र भी वह मुख्य सचिव झारखंड को प्रेरित कर रहे हैं।





