मंत्री सत्यानंद भोक्ता पहुंचे सदर अस्पताल, स्वास्थ्य व्यवस्था का लिया जायजा
अस्पताल में अधिष्ठापीत पीएसए प्लांट के मॉक ड्रिल में भी हुए शामिल
सीसीएल टंडवा ने जिला प्रशासन को दिया चार एंबुलेंस, हरी झंडी दिखा कर किया गया रवाना
प्रतिनिधि,चतरा। राज्य के श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने सोमवार को सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया।मंत्री भोक्ता ने इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और चिकित्सकों को साफ सफाई, पेयजल, दवाई और नियमित चिकित्सकों की उपस्थिति आदि को लेकर कई अहम सुझाव व निर्देश दिए। उक्त मौके पर कोरोना महामारी जैसे बीमारी से निपटने हेतु अस्पताल में अधिष्ठापीत पीएसए प्लांट के मॉक ड्रिल में भी शामिल हुए।
इसके पश्चात मंत्री ने सेंट्रल कॉल फील्ड लिमिटेड टंडवा द्वारा जिला प्रशासन को प्राप्त चार एंबुलेंस को सदर अस्पताल चतरा से सिमरिया, प्रतापपुर, लावालौंग, कुंदा प्रखंडवासियों के सेवा में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान उपविकास आयुक्त उत्कर्ष गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी मुमताज अंसारी,अस्पताल अधीक्षक डॉ. श्यामनंदन सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष सिंह, समाजसेवी नवलकिशोर यादव, 20 सूत्री जिला उपाध्यक्ष प्रभुदयाल यादव, समेत कई संबंधित पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।





