प्रतिनिधि,गिद्धौऱ (चतरा)।कोरोना संकट के तीन वर्षों के बाद इस वर्ष चतरा के कुंभ मेला के नाम से विख्यात बलबल मेले में रौनक दिखी।मकर संक्रांति के अवसर पर शनिवार को बलबल के गर्म जलकुण्डों में स्नान करने के लिये श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।शनिवार को हज़ारों श्रद्धालुओं ने गर्म जलकुण्ड व बलबल स्थित महाने नदी में स्नान कर पूजा अर्चना कर दान पुण्य किया। पवित्र स्नान को लेकर तड़़के सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था,जो देर शाम तक चलता रहा।महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने गर्म जल कुंड में बारी बारी से स्नान किया।चतरा जिला के अलावा हजारीबाग,बोकारो,धनबाद,बिहार के गया,डोभी,औरंगाबाद समेत अन्य जगहों के अलावा काफी दूर दराज से श्रद्धालु यहां पहुंचे।





मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार पहले दिन लगभग 25 हज़ार श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।बताया गया कि रविवार को मकर संक्रांति का शुभ मुहर्त होने के कारण बलबल में और अधिक भीड़ जुटेगी।कई श्रद्धालुओं ने बताया कि यहां मां बागेश्वरी की पूजा अर्चना करने से सभी मनोकामना पूरी होती है।इसके साथ ही मकर संक्रांति के अवसर पर यहां लगने वाले दस दिवसीय बलबल पशु मेला का शुभारंभ भी हो गया।





सिमरिया विधायक किशुन कुमार दास,पूर्व विधायक जयप्रकाश सिंह भोगता,जिप अध्यक्ष ममता देवी,जिप उपाध्यक्ष ब्रजकिशोर तिवारी समेत कई विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में मेला का शुभारंभ किया गया।उदघाटन के मौके पर बीडीओ संजीत कुमार सिंह,प्रमुख अनिता यादव,जिप सदस्य अनिता देवी,मुखिया जगदीश यादव, रामदेव सिंह भोगता समेत कई गणमान्य उपस्थित थे।





बलबल मेला चरम पर,पहुंचा मनोरंजन का सामान, सज गई मिठाई की दुकान





प्रत्येक वर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले दस दिवसीय पशु मेले में प्रत्येक वर्ष के भांति इस बार भी आकर्षण का केंद्र लक्ष्मण झूला,ब्रेक डांस,मौत का कुआं,जादू का खेल,मिनी थियेटर,ड्रैगन ट्रेन, टावर झूला,मिनी माउस,मिनी झूला सहित कई मनोरंजन के सामान का आगमन हो चुका है। जबकि बिहार, बंगाल सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में पशु व्यापारी भी पहुंच चुके हैं।मेला समिति द्वारा दर्शकों की सुविधा के लिए खोया पाया विभाग, स्वास्थ्य शिविर,पेयजल की सुविधा आदि की व्यवस्था की गई है। मेला को देखते हुए मां बागेश्वरी मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है।





बताते चलें कि कोविड 19 के कारण पिछले दो से तीन वर्षों में मेला ठीक ढंग से नहीं लग पाया था।इस वर्ष अपार भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है।इधर सुरक्षा व्यवस्था की कमान गिद्धौर, पत्थलगड़ा व कटकमसांडी थाना को दिया गया है। इन तीनों थाना की पुलिस प्रशासन द्वारा गश्ती तेज कर दी गई है। मेले के पहले दिन गिद्धौर थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल ने शराब विक्रेताओं व मुर्गा मछली बेचने वालों को खदेड़ा।साथ ही कहा कि मेले से 50 मीटर की दूरी पर ही मुर्गा-मछली की दुकान लगाएं ताकि मेले की शांति बनी रहे।