मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में आप,कार्यकर्ताओं ने किया प्रधानमंत्री का पुतला दहन
संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही भाजपा:संतोष कुमार सोनी
विशेष संवाददाता
रांच। नई दिल्ली के उप मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के कद्दावर नेता मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को राजधानी के अल्बर्ट एक्का चौक पर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाजपा एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध जताया।सैकड़ों की संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता फिरायालाल चौक (अल्बर्ट एक्का चौक) पर जुटे और इस घटना पर अपना विरोध दर्ज कराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी का पुतला दहन किया।
मौके पर प्रदेश प्रवक्ता सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर सीबीआई ने असंवैधानिक तरीके से मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया है। इससे देशभर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में रोष है। उन्होंने कहा कि यह तो सिर्फ आगाज है, आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से पूरे झारखंड प्रदेश में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता इस घटना के विरोध में प्रदर्शन और कार्यक्रम करेंगे।
प्रदेश उपाध्यक्ष अजय भगत ने कहा कि इस गिरफ्तारी से भारतीय जनता पार्टी की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। प्रदेश की जनता सब देख रही है। वर्ष 2024 के आम चुनाव में और उसके बाद झारखंड के विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
आम आदमी पार्टी के हटिया विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष संतोष सोनी ने कहा कि भाजपा द्वारा सभी संवैधानिक संस्थाओं को हाईजैक कर लिया गया है। भाजपा के इस कृत्य की पूरे देश में निंदा की जा रही है। अब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की दमनकारी कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष अजय भगत और हरी सिंह, नरेंद्र चौबे, प्रदेश प्रवक्ता सौरभ श्रीवास्तव प्रदेश मीडिया प्रभारी सईद अख्तर, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश तिर्की, जनजातीय मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश मुंडा, महानगर अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, हटिया विधानसभा अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी सहित काफी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।





