प्रतिनिधि,सिंदरी। यदि महाविद्यालय के सभी शिक्षक संकल्पित होकर जुनून के साथ कार्य करें तो नैक से अच्छे ग्रेड की प्राप्ति आसानी से की जा सकती है। उपर्युक्त विचार व्यक्त करते हुए विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. पवन कुमार पोद्दार ने कहा कि महाविद्यालय के सभी शिक्षकों को इसके लिए एकजुट होकर टीम भावना के साथ काम करने की आवश्यकता है। वे बृहस्पतिवार को सिंदरी महाविद्यालय में नैक विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को मुख्य अतिथि के पद से संबोधित कर रहे थे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कुलपति ने कहा कि नैक (राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद) से मान्यता प्राप्त करने के लिए आवश्यक है कि नैक द्वारा निर्धारित विभिन्न कार्यों का ससमय एवं प्रमाणिक दस्तावेज यदि नैक की पीयर टीम के समक्ष प्रस्तुत किया जाए तो कम संसाधनों के बावजूद अच्छे ग्रेड प्राप्त की जा सकती है।
डॉ. पोद्दार ने नैक के लिए आवश्यक पाठ्यक्रम परिवर्धन के तहत विभिन्न विषयों में सर्टिफिकेट कोर्स प्रारंभ करने, शैक्षणिक क्षेत्र में इंटरनेट के इस्तेमाल को बढ़ावा देने, छात्रों के व्यक्तित्व विकास हेतु विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन करने, महाविद्यालय की प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय में सुविधाओं को बढ़ाने, छात्रों में नेतृत्व एवं प्रबंध क्षमता का विकास करने तथा संस्थान द्वारा मूल्य आधारित नैतिक शिक्षा उपलब्ध कराने का सुझाव देते हुए कहा कि नैक द्वारा निर्धारित विभिन्न विंदुओं के लिए अलग-अलग शिक्षकों को दायित्व दिया जाए, जिससे कि काम के काम का सम्यक बंटवारा हो और कार्य में गति लाई जा सके। उन्होंने महाविद्यालय के शिक्षकों से वर्ष में कम से कम एक राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठी तथा तीन राज्य स्तरीय संगोष्ठी आयोजित करने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाने का आह्वान किया। शिक्षकों से आसपास के ग्रामीण अंचलों के लोगों की समस्या के समाधान में सहयोग करने,अपेक्षाकृत कमजोर बच्चों को पढ़ने में सहयोग प्रदान करने, महाविद्यालय में खेलकूद के साथ बागवानी का विकास करने तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत किसी गांव को गोद लेने का भी सुझाव दिया।इसके पहले उन्होंने महाविद्यालय में चल रही परीक्षा का भी निरीक्षण किया और परीक्षा व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया।
प्रारंभ में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नकुल प्रसाद ने अतिथियों का स्वागत किया तथा प्रोफेसर सुमिरन कुमार रजक ने नैक कराने हेतु उठाए गए कदमों की अद्यतन जानकारी की प्रति कुलपति के समक्ष प्रस्तुत की। संचालन प्रो. अनील आशुतोष ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन नैक समन्वयक डॉ शर्मिष्ठा आचार्य ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।





