प्रतिनिधि, हजारीबाग। 65 वीं वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह के समापन समारोह में बुधवार को एनटीपीसी पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजनाओं के मुख्य महाप्रबंधक शिवम श्रीवास्तव ने परियोजना में काम कर रही सभी महिलाओं को सम्मानित किया। 19 दिसंबर से 28 दिसंबर तक चलने वाली इस सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत जहां सुरक्षा के मापदंडों पर चर्चा के साथ शुरू हुई थी।वहीं सप्ताह का अंत महिलाओं को एक नई पंख और नई ऊर्जा भरने के साथ हुआ।





इस वर्ष की थीम के अनुरूप परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक शिवम श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं को सहयोग की आवश्यकता नहीं है वो खुद इतना सक्षम है कि किसी भी काम को बेहतर ढंग से अंजाम दे सकती हैं, बशर्ते उन्हें एक सही वातावरण और सम्मान की जरूरत है।मौके कंपनी के सभी विभाग एवं सह-संबंधित कंपनियों की महिलाएं मौजूद थी जिनमें डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, समाज और देश को प्रेरणा से भरने वाली सभी डंपर ड्राइवर्स एवं अन्य महिला सहकर्मी मौजूद थीं।





कई महिलाओं ने एनटीपीसी परिवार से जुड़ने के बाद अपने जीवन में हुए बदलाव को बयां करते हुए कई महत्वपूर्ण बातें कहीं।एक महिला डंपर ड्राइवर ने कहा कि आज वो गर्व से कह सकती है कि वो आत्मनिर्भर हैं।उन्हें किसी दूसरे की सहारे की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि आज एनटीपीसी परिवार से जुड़ने के बाद हम अपने घर परिवार का बेहतर ढंग से भरण-पोषण कर पा रहे हैं। एक महिला डॉक्टर ने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि हम शुरुआती दिनों में हमें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। हमें गालियां भी सुननी पड़ती थी,लेकिन आज हमारी काम की वजह से सभी सराहना करते हैं। इन महिलाओं के अलावा कई और महिलाओं ने अपनी बातों को रखा और सभी से अह्ववान करते हुए कहा कि आप किसी से कम नहीं है अपनी इच्छा के अनुरूप आपको जो पसंद आए वह काम अवश्य करें।