मां स्वर्णरेखा ने सब कुछ है दिया, अब आ गया है कर्ज उतारने का समय:बन्ना गुप्ता





स्वर्णरेखा आरती घाट बनने की पहल हुई शुरू, डीसी के साथ मंत्री ने स्थल का निरीक्षण कर कहा पर्यटक स्थल के रूप में होगा विकसित





प्रतिनिधि,जमशेदपुर। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने शुक्रवार की संध्या डीसी विजया जाधव और टाटा स्टील यूआईएसएल के सीनियर जीएम कैप्टन धनंजय मिश्रा के साथ स्वर्णरेखा आरती घाट के निर्माण के लिए सोनारी दोमुहानी नदी घाट का निरीक्षण कर विशेष दिशा निर्देश दिया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने स्वर्णरेखा आरती घाट, पर्यटकों व स्थानीय लोगों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था, आरती घाट के साथ विभिन्न इलाकों में विधुत व्यवस्था, रेलिंग के माध्यम से डेन्जर जोन का सीमांकन, नदी के संरक्षण के लिए इको फ्रेंडली जोन, पूजा कीर्तन के लिए जगह की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था, स्थल को पवित्र रखने के लिए शौचालय की व्यवस्था, आरती के लिए विशेष मंडप, तटीय क्षेत्र में वृक्षारोपण समेत विभिन्न सुरक्षात्मक पहलुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा भी की।मौके पर एसडीएम पीयूष सिन्हा, एडीएम लॉ एन्ड ऑर्डर नंदकिशोर लाल, जमशेदपुर अक्षेस के पदाधिकारियों समेत टाटा स्टील यूआईएसएल के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।





निरीक्षण के बाद मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि जमशेदपुर शहर का अस्तित्व स्वर्णरेखा नदी से है। इस नदी के आंचल में मैं पला बढ़ा हूं। साथ ही आज इस मुकाम पर पहुंचा हूं। स्वर्णरेखा नदी मेरी मां हैं और अब इसका कर्ज उतारने की मेरी बारी हैं। सनातन धर्म में इस नदी का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। यह नदी हमें पीने के लिए पानी तो उपलब्ध कराती ही है। साथ ही हमारी जीवनशैली में भी इसका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मगर बहुत ही दुर्भाग्य की बात है कि यह नदी धीरे-धीरे अपना अस्तित्व खोते जा रही है और जिसे बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वर्णरेखा आरती मंडप को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की बात भी कही। जिससे इसकी ख्याति विश्व स्तर पर पहुंचकर रोजगार सृजन का केंद्र बने। उन्होंने कहा कि नदियों की पूजा सनातन धर्म की आस्था है। साथ ही देश के कई हिस्सों में नदियों की आरती की जाती है। जिसके तहत हमारी आस्था और विश्वास की प्रतिक स्वर्णरेखा नदी की भी आरती होगी।





इस दौरान लोगों को इसके आस्था के साथ जोड़ा जाएगा। ताकि इसका संरक्षण हो सके। मौके पर मंत्री बन्ना गुप्ता ने अपने पीए संजय ठाकुर को प्रतिनिधि के रूप में स्वर्णरेखा आरती मंडप प्रोजेक्ट का प्रोटोकॉल ऑफिसर बनाया है और जो प्रशासन व जुस्को के साथ समन्वय स्थापित कर इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में अपनी भूमिका निभाएंगे। संजय ठाकुर कई वर्षो से स्वर्णरेखा बचाओ अभियान से जुड़े हुए हैं। वहीं मकर सरक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाली स्वर्णरेखा आरती महोत्सव में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। जिसके लिए उन्होंने डीसी को साफ सफाई, लाइटिंग, पार्किंग समेत विभिन्न विषयों पर कार्य करने का निर्देश भी दिया है।