प्रतिनिधि,गिरिडीह। भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पार्टी की 54वीं वर्षगांठ मनाते हुए सभी ब्रांच कार्यालयों में पार्टी का झंडा फहराया तथा एकजुट होकर फासीवाद के विरुद्ध संघर्ष का संकल्प लिया।इस अवसर पर पार्टी की केंद्रीय कमेटी की ओर से जारी किए गए आह्वान का सामूहिक पाठ भी किया गया।
गिरिडीह सदर प्रखंड के रानीडीह में भाग लेते हुए पार्टी के राज्य कमेटी सदस्य राजेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बीते 54 वर्षों के दौरान हर तरह के दमन-उत्पीड़न को झेलते हुए भाकपा माले ने मौजूदा मुकाम हासिल किया है। पार्टी के शहीद और दिवंगत अनगिनत साथियों के त्याग और बलिदानों का इसमें सबसे बड़ा योगदान है, हम उन्हें भुला नहीं सकते, मेहनतकश मजदूर-किसानों और शोषित वंचित तबके के लोगों के सम्पूर्ण हक-अधिकारों के लिए पार्टी की लड़ाई जारी है और जारी रहेगी।
राजेश यादव ने कहा कि देश में मौजूदा मोदी शासन तानाशाही का ही दूसरा स्वरूप है।इस शासन ने देश में नफरत का माहौल खड़ा कर दिया है,लोगों को जिंदगी के जरूरी सवालों से विमुख करने की लगातार साजिशें हो रही हैं,देश के संविधान और लोकतंत्र पर खतरा उत्पन्न हो गया है और जनता के लिए लड़ने वाली ताकतों को दबाने की खुलेआम कोशिश भी,ऐसे में इस शासन को उखाड़ फेंकना जरूरी है।
उन्होंने लोगों से भाकपा माले द्वारा पार्टी की स्थापना दिवस पर किए गए आह्वान के अनुसार फासीवादी शासन के विरुद्ध एकजुट संघर्ष तेज करने का संकल्प लेने की अपील की। अंत में सबों ने पार्टी की केंद्रीय कमेटी द्वारा स्थापना दिवस पर जारी किए गए सर्कुलर का सामूहिक पाठ करते हुए फासीवाद के विरुद्ध एकजुट होकर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।
मौके पर पंचायत प्रभारी लालजीत दास,जोनल सचिव मनोज कुमार यादव, ब्रांच सचिव सिकंदर दास, कुलदेव मंडल,दिनेश यादव, बिरेंद्र ठाकुर,भोला दास, बलदेव रविदास, रोहित दास, रामजी दास, पिंटू दास, दीपक दास, सुरेंद्र दास, नकुल दास, अशोक दास,किसुन दास, रामावतार दास, पूरन दास, महावीर दास, झारखंडी दास, सीताराम दास, डिस्को दास सहित कई अन्य मौजूद रहे।





