मिर्जापुर।उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में विंध्याचल के अष्टभुजा पहाड़ी पर बिहार के बदमाशों द्वारा वृद्ध की गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस ने बिहार के भोजपुर जिले के तरारी विधानसभा से चार बार विधायक रहे माफिया नरेंद्र उर्फ सुनील पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है।गोलीकांड के बाद पुलिस ने पूर्व विधायक से पूछताछ की थी।पूछताछ के बाद पुलिस ने पूर्व विधायक को छोड़ने की बात कही थी,लेकिन वो विंध्याचल के ही एक होटल में रुका था।गोलीकांड मामले में आपराधिक साजिश रचने के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।





बिहार में नरेंद्र उर्फ सुनील पांडेय का नाम बाहुबली नेताओं में शुमार किया जाता है।सियासत से पहले जरायम की दुनिया का चर्चित नाम सुनील पांडेय की आधी जिंदगी जेल में और आधी फरार रहते हुए बीती है।इतना ही नहीं मुख्तार अंसारी को मारने के लिए 50 लाख की सुपारी भी दी थी।अपराध के साथ-साथ सुनील किसी दूसरे वजह से भी सुर्खियों में रहे हैं। सुनील ने जेल में रहते हुए पीएचडी भी की है।





विंध्याचल गोलीकांड में गई थी बुजुर्ग की जान





आपको बता दें कि बीते 14 अगस्त को विध्यांचल थाना क्षेत्र के अष्टभुजा पहाड़ी पर मछिंदरा कुंड के पास पूर्व विधायक सुनील पांडेय के साथ कुछ लोग आए थे।सुनील के साथ आए लोगों में मछिंदरा पहाड़ी पर शराब के नशे में विवाद हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में गोली 75 वर्षीय कन्हैया प्रसाद के पेट में लगी थी।पुलिस ने छह आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया।इस बीच मंगलवार को गोली लगने से घायल वृद्ध की मौत हो गई।इस मामले में पुलिस ने सुनील को घंटों पूछताछ के बाद छोड़ दिया,लेकिन उनकी की डेढ़ करोड़ की कार को कब्जे में ले लिया था।





गुरुवार को पुलिस ने सुनील पांडेय निवासी नवाडीह थाना कारकाट जिला रोहतास बिहार को गिरफ्तार कर लिया। गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी नंद गोपाल गुप्ता की तलाश में पुलिस टीम को बिहार भेजा गया है।सीओ सिटी प्रभात राय ने बताया कि आपराधिक षडयंत्र मामले में पूर्व विधायक नरेंद्र पांडेय उर्फ सुनील पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।