प्रतिनिधि,जमशेदपुर। बिस्टुपुर बेमिसाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के तत्वावधान में आयोजित मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब मंगलवार जीत लिया है। वहीं बिस्टुपुर स्थित आर्मरी ग्राउंड में खेले गए फाइनल मैच में बिष्टुपुर बेमिसाल की टीम ने साकची संजीदा को 71 रन से मात दी। टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले नीरज सिंह को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा प्रमोद को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का सम्मान मिला।
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ अमर सिंह, टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज हेड रुना राजीव कुमार, पूर्व जिप उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह और सीनियर मैनेजर ऐडफैक्टर पीआर अमित गुप्ता ने विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत भी किया। वहीं टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिस्टुपुर बेमिसाल टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। चंदन मात्र छह रन के स्कोर पर अविनाश की गेंद पर ललित को कैच थमा बैठे। जिसके बाद मैदान पर उतरे नीरज ने देवेंद्र का अच्छा साथ दिया। नीरज ने 34 गेंद पर चार छक्के व 11 चौकों की मदद से 83 रन बनाए। साथ ही देवेंद्र ने एक चौके की मदद से 16 रन बनाए। अविनाश व ललित को एक-एक विकेट मिला।
जवाबी पारी खेलने उतरी साकची संजीदा की टीम नौ विकेट पर 51 रन ही बना पाई। ललित, बृजेश व परविंदर को छोड़ बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक पार नहीं कर पाए। ललित व बृजेश ने 11-11 रन बनाए। परविंदर ने सर्वाधिक 13 रन बनाए। बल्लेबाजी में जलवा बिखेरने के बाद नीरज ने गेंदबाजी में भी जौहर दिखाया। उन्होंने तीन ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट भी झटके। इसी तरह बलजीत ने तीन ओवर में 11 रन देकर चार विकेट चटकाए। जबकि चंदन को एक विकेट ही मिला। 22 फरवरी से शुरू हुई मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का 28 फरवरी को फाइनल मैच के साथ समापन हो गया। मौके पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज समेत अन्य सदस्य भी मौजूद थे।





