प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बागबेड़ा थाना अंतर्गत हरहरगुट्टू बाजार मैदान के पास रहने वाले 18 वर्षीय राजकुमार सिंह ने बुधवार को अपने घर में अपना जन्मदिन मनाया था। इस दौरान परिजन काफी खुश भी थे। मगर अचानक उसने गुरुवार की दोपहर लगभग 2 बजे जुगसलाई रेलवे फाटक पर एक यात्री ट्रेन के नीचे कूदकर आत्महत्या कर ली। उसने ऐसा क्यों किया, इसके बारे में परिजन भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। वहीं परिजनों का कहना है कि मृतक राजकुमार सुबह 10 बजे हरहरगुट्टू काली मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकला था। मगर परिजनों ने उसे पहले दुकान जाने की बात कही। जिसके बाद राजकुमार के पिता को फोन कर जुगसलाई फाटक के पास पहुंचने की बात कही गई। जहां पहुंचने पर उन्होंने बेटे के शव को रेलवे लाइन पर देखा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राजकुमार ने एक पैसेंजर ट्रेन के नीचे आकर आत्महत्या की है। पूरी ट्रेन जा चुकी थी। सिर्फ दो कोच ही पार होना बाकी था कि वह सभी लोगों के सामने ही ट्रेन के नीचे जा घुसा। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पाकर आरपीएफ, जीआरपी और जुगसलाई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





