सोनभद्र।उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में यूपी-छत्तीसगढ़ सीमा पर शीशटोला नवाटोला के जंगल में बाघ देखे जाने की खबर है।इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।वीडियो में बाघ उन्मुक्त भाव से चहलकदमी करते हुए दिखाई दे रहा है।बाघ सड़क के किनारे से होते हुए जंगल की ओर जा रहा है। दावा किया गया है कि यह वीडियो इसी क्षेत्र का है, जिसे कुछ स्थानीय लोगों ने गुरुवार रात बनाया है।
बाघ की खबर के बाद खलबली मच गई है।आसपास के गांवों के लोग सहमे हुए हैं।हालांकि वन विभाग ने अभी बाघ की मौजूदगी की पुष्टि नहीं की है, लेकिन लोगों को सावधान रहने की सलाह जरूर दी है। गुरुवार रात कुछ लोग बोलेरो से बॉर्डर क्षेत्र में सफर कर रहे थे।बभनी वन रेंज के महुअरिया से शीशटोला जाने वाले मार्ग पर बड़ादेव स्थल नवाटोला के पास उन्होंने सड़क पर बाघ देखा। बोलेरो को किनारे खड़ी कर अंदर से ही एक व्यक्ति ने यह वीडियो बनाया, जिसमें बाघ सड़क के किनारे से होते हुए जंगल में घुस गया। बीच-बीच में बाघ गुर्रा भी रहा है।
बाघ के जंगल में जाने के बाद बोलेरो सवार वहां से निकले और गांव पहुंचकर सूचना दी।कुछ दिनों पहले छत्तीसगढ़ के रघुनाथ नगर वनक्षेत्र में बाघ भटक कर आने की सूचना मिली थी। इसके बाद बिहारपुर चांदनी में बाघ देखा गया और वहां एक व्यक्ति पर हमला भी किया था।दक्षिणांचल के जंगल में लगातार तेंदुआ की मौत की गुत्थी सुलझी नहीं थी कि इसी बीच बाघ देखने की सूचना गांव क्षेत्र के लिए चिंता का विषय बन गया है। गांव में लोग पूरी तरह से सहमे हुए हैं।
इस संबंध में वनक्षेत्रधिकारी बभनी अवध नारायण मिश्रा से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि अभी ऐसी घटना की जानकारी नहीं है।उन्होंने कहा कि लोग जंगल की ओर न जाएं और सतर्क रहें। मामले का पड़ताल किया जाएगा। उधर, छत्तीसगढ़ के रघुनाथ नगर रेंज के डिप्टी रेंजर शिवनाथ ठाकुर का कहना है कि बाघ देखे जाने की सूचना मिल रही है। बिहारपुर चांदनी छत्तीसगढ़ में भी सूचना मिली है, लेकिन अभी तक विभाग को दिखाई नहीं दिया है। कहा कि सतर्क रहने की आवश्यकता है।





