रसोई गैस के मूल्य में 50 रु की एक बार फिर बढ़ोतरी





भाजपा सरकार का देश की जनता को होली का क्रूर तोहफा : विकास





प्रतिनिधि,सिंदरी/बलियापुर। सीपीआईएम के सिंदरी बलियापुर लोकल कमेटी के सचिव विकास कुमार ठाकुर ने कहा है कि अनाज सहित अन्य सभी जरूरी चीजों की लगातार बढ़ रही कीमतों के साथ अब रसोई गैस के दाम बढ़ जाने से लोगों पर महंगाई का बोझ और बढ़ गया है।इस बढ़ोतरी के साथ अनुदानित दर पर रसोई गैस उठाने वाले अधिकांश लोग जो इसकी बढ़ी हुई कीमत अदा करने मे असमर्थ हैं।रसोई गैस सिलिंडर का उपयोग नहीं कर पायेंगे। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आने वाले 10 प्रतिशत लोगों ने पिछले वर्ष से ही रसोई गैस का इस्तेमाल बंद कर दिया है। 12 प्रतिशत के करीब लोगों ने साल में केवल एक सिलिंडर ही उठाया है। कुल 56.5 प्रतिशत लोगों ने वर्ष में औसत 7 सिलिंडर की जरूरत के बावजूद केवल 4 सिलिंडर ही उठाया जबकि वे पूरे वर्ष 12 रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए अधिकृत थे।





व्यवसायिक उपयोग के रसोई गैस सिलिंडर मे इस वर्ष दो बार बढ़ोतरी की गयी है,जिसमें 350 रु 50 पैसे प्रति सिलिंडर दाम बढ़ा दिए गए हैं,जो दिल्ली मे 1769 रु से बढ़कर 2119 रु हो गया है, जिसके चलते प्रोसेसिंग वाले खाद्य पदार्थों के मूल्य भी बढ़ जायेंगे।रेस्तरां और होटलों में खाने की चीजों पर भी इसका असर पड़ेगा।यह क्रुरता पूर्ण मूल्य वृद्धि देश मे तेजी से बढ़ती बेरोजगारी, गरीबी, और बढ़ती मुद्रास्फीति की पृष्ठभूमि में लादा गया है।