रांची।झारखंड की राजधानी रांची के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के खखरा गांव के ग्रामीणों ने साहस का परिचय दिया है।शुक्रवार को उज्जवल फाइनेंस कंपनी के मैनेजर से इटेहे नदी के पास से 1,33,824 रुपये की लूटकर भाग रहे तीन डकैतों को हथियार के साथ ग्रामीणों ने पकड़ा दौड़ा कर पकड़ा।इसके बाद तीनों डकैतों को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजधानी रांची के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के इटेहे नदी के पास शुक्रवार को दिन में तीन बजे उज्ज्वल फाइनेंस कंपनी के मैनेजर से हथियार के बल पर डकैतों ने 1,33,824 रुपये लूट लिए और लूटे रुपये को लेकर भागने लगे।आसपास मौजूद ग्रामीणों ने डकैतों पकड़ने के लिए दौड़ा लिया। ग्रामीणों को सामने आते देख डकैतों ने हवाई फायरिंग भी की लेकिन ग्रामीणों ने बहादुरी का परिचय देते हुए तीन डकैतों को हथियार के साथ पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस को सुपुर्द कर दिया।

ग्रामीणों द्वारा पकड़े गये डकैतों में बुढ़मू थाना क्षेत्र के मनातु निवासी सजीबुल अंसारी, खलारी निवासी तनवीर अंसारी और पिठोरिया थाना क्षेत्र के पिरूटोला निवासी अमजद अंसारी को हथियार के साथ पकड़ा गया था। फाइनेेंस मैनेजर से रुपये लूटने के बाद ग्रामीणों के पीछा करने पर डकैतों ने रुपये का बैग झाड़ियों में फेंक दिया था।इधर, पुलिस ने पकड़े गये डकैतों की निशानदेही पर फेंके रुपये की खोजबीन की और झाड़ी से रुपये को बरामद किया। पुलिस रुपये का मिलान कर रही है।

बताया गया कि ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के इटेहे नदी के पास बीते 25 अक्टूबर को एक फाइनेंस कंपनी के कर्मी से डकैतों ने लूटपाट की थी।इस मामले में भी पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।अपनी लापरवाही के कारण फाइनेंस कंपनी के कर्मी लूट के शिकार हो रहे हैं।
ठाकुरगांव व बुढ़मू पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें बताया था कि जब भी क्षेत्र के कलेक्शन के लिए आते हैं, तो थाना को इसकी सूचना दे और जाते समय पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी की सुरक्षा दी जायेगी।इसके बावजूद फाइनेंस कंपनी के मैनेजर इसकी सूचना पुलिस को नहीं देते हैं।यही कारण है कि अपराधी इसका फायदा उठाकर घटना को अंजाम देते हैं।