रांची।राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को लेकर तैयारियां चल रही हैं।जवानों द्वारा परेड का रिहर्सल भी किया जा रहा है।रांची डीसी राहुल कुमार सिन्हा और एसएसपी किशोर कौशल शुक्रवार को मोरहाबादी मैदान पहुंचे और यहां स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया और परेड के रिहर्सल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समारोह की तैयारी को लेकर अधिकारियों को कई निर्देश दिए।
जवानों ने किया परेड का रिहर्सल
झारखंड में स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाने की तैयारी जोरशोर की जा रही है। राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं।शुक्रवार को परेड का रिहर्सल किया गया।रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने निरीक्षण करते हुए कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। डीसी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए अतिथियों और आमजनों के लिए आने-जाने के रूट प्लान की तैयारियों का जायजा लिया। वीआईपी के आगमन के लिए अप्रोच रोड को लेकर पथ निर्माण के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश
रांची डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने मोरहाबादी स्थित समारोह स्थल की साफ-सफाई के साथ-साथ कार्यक्रम स्थल पर फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, आपातकालीन मेडिकल किट इत्यादि की सुविधाएं तैयार रखने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर समय से पूरी तैयारी सुनिश्चित करें।डीसी राहुल कुमार सिन्हा और एसएसपी किशोर कौशल ने मोरहाबादी मैदान में परेड के रिहर्सल का निरीक्षण करते हुए बेहतर व्यवस्था के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।





