रांची। झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार 10 जून को जुमे की नमाज के बाद हिंसा भड़क गई थी।हिंसा की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी से करवाने की मांग को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है। इसपर विस्तृत रिपोर्ट दाखिल करने के लिए सरकार ने हाईकोर्ट से समय मांगा है।कोर्ट ने सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए समय दे दिया है। अब 8 जुलाई को इस मामले की सुनवाई होगी।
पिछली सुनवाई के दौरान अदालत ने इस मामले में सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी।कोर्ट ने सरकार को पूरी घटना की जानकारी देने के लिए कहा था। कोर्ट ने पूछा था कि क्या सरकार को इस मामले से संबंधित कोई खुफिया रिपोर्ट मिली थी।यदि हां तो सरकार ने इसपर क्या कार्रवाई की।दरअसल ये बात सामने आई थी कि हिंसा से लगभग एक हफ्ते पहले यूपी से कुछ लोग राजधानी रांची में आए थे और उन्होंने मुस्लिम युवकों को धर्म के नाम पर भड़काया था। उन्हें हिंसा के लिए रोडमैप तैयार करने को कहा था।
हाईकोर्ट में पंकज यादव नाम के शख्स ने जनहित याचिका दाखिल की है। उन्होंने इस हिंसा की एनआईए जांच करवाने की मांग की है। पिछली सुनवाई के दौरान यादव के वकील ने कहा कि 10 जून को हुई हिंसा पहले से प्रायोजित थी। इसमें प्रतिबंधित संगठन पीएफआई का नाम सामने आ रहा है। एनआईए जांच से साफ हो जाएगा कि हिंसा के लिए किस संगठन ने फंडिग की थी।





