रांची।झारखंड की राजधानी रांची में 10 जून को जुमे के बाद हुए उपद्रव और हिंसा के बाद अब धीरे धीरे हालात सामान्य होने लगे है। राजधानी रांची के अमन पसंद लोगों ने उपद्रवियों के मनसूबों को नाकाम कर दिया है।रविवार को मेन रोड और अपर बाजार वाले इलाकों को छोड़कर जनजीवन सामान्य रहा। पुलिस हिंसा के मामले में 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है जबकि 1 को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार युवक की पहचान सीसीटीवी कैमरे के जरिए से हुई।अभी भी मेन रोड में बड़ी संख्या पुलिसकर्मी तैनात है।रविवार को कई दुकानें बंद रहीं।इंटरनेट सेवा चालू होने से लोगों में राहत दिखाई दी।
राजधानी रांची में सामान्य होते हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने राजधानी के 12 में से छह थाना क्षेत्रों से रविवार को धारा-144 हटा दिया है।इनमें लालपुर, बरियातू, सुखदेवनगर, सदर थाना, जगन्नाथपुर व गोंदा थाना क्षेत्र शामिल है।संवेदनशील क्षेत्र माने जाने वाला डेली मार्केट, कोतवाली, हिंदपीढ़ी, चुटिया, लोअर बाजार और डोरंडा थाना क्षेत्र में अगले आदेश तक धारा 144 लागू रहेगी।इन क्षेत्रों के लोगों को दोपहर एक से शाम पांच बजे के बीच खरीदारी करने की छूट दी गयी है।
रांची के डीसी छवि रंजन ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि राजधानी की स्थिति सामान्य हो रही है।
10 जून को उन्मादी भीड़ को काबू में करने के लिए न्यूनतम फोर्स का प्रयोग किया,यदि पुलिस प्रशासन वहां पहले से अलर्ट नहीं रहती, तो स्थिति भयावह हो सकती थी।उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गयी है।उन्मादी भीड़ को नियंत्रण करने के दौरान दो लोगों की मौत की सूचना है।
एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कि मेन रोड में 10 जून को हुई घटना के मामले में अब तक रांची के विभिन्न थानों में 25 मामले दर्ज किए गए हैं।इसमें 22 नामजद और एक हजार से ज्यादा अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।





