रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रविवार को जमीयत उलेमा झारखंड, अंजुमन इस्लामियां, इमारत-ए-शरिया और एदार-ए-शरिया के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने 10 जून को राजधानी रांची में हुई हिंसा और इससे जुड़े तथ्यों से सीएम को अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रांची समेत पूरे राज्य में अमन-चैन, शांति और सदभाव का माहौल बना रहे, इसके लिए वे सरकार के साथ हर कदम पर खड़े हैं। यहां सभी वर्ग और तबके के लोग हमेशा से ही आपसी प्रेमभाव और भाईचारे के साथ रहते आए हैं और इसमें किसी को खलल डालने नहीं दिया जाएगा।
सीएम सोरेन से प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रांची में हुई हिंसा में जो भी दोषी पाए जाएं उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मारे गए लोगों के परिजनों के साथ न्याय होना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में जमीयत-उलेमा के मुफ्ती शहाबुद्दीन कासमी, मंजर खान, खालिद उमर, डा. आसिफ अहमद और मौलाना एस रहमान, अंजुमन इस्लामियां से अबरार अहमद, डा. असलम परवेज और एम रहमान, इमारत -ए -शरिया से मुफ्ती अनवर कासमी, मौलाना ओबैदुल्लाह कासमी तथा एदार -ए -शरिया के मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी, वरीय अधिवक्ता एम खान मुफ्ती फैजुल्लाह मिस्बाही और एस अली शामिल थे।





