झारखंड की राजधानी रांची में जन्मदिन पार्टी में बार बालाओं के ठुमको पर और अश्लील गानों पर हथियार लहराने व गोलियां के तड़तड़ाने का मामला सामने आया है।वायरल हुए वीडियो ने पुलिस-प्रशासन के बड़े बड़े दावों की धज्जियां उधेड़ कर रख दिया है।वायरल वीडियो में डीजे की धुन पर सरेआम बार बालाओं के ठुमको पर कई युवक रायफल की नुमाइश और गोलियां तड़तड़ाते हुए दिखायी दे रहे है।
अश्लील गानों पर लहराये हथियार,जमकर तड़तड़ाई गोलियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर एक का है।यहां पर रहने वाले विकास महतो के बेटे के जन्मदिन की पार्टी थी।जन्मदिन पार्टी में आर्केस्ट्रा का प्रोग्राम किया गया था।जन्मदिन पार्टी के आयोजन का न तो थाने को सूचना दी गई और न ही जिला प्रशासन से इसकी अनुमति ली गई थी।इस कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक हाथों में रायफल लिए हुए थे।स्टेज पर एक तरफ बार बालाएं डीजे की धुन पर नाचती नजर आ रही है तो दूसरी तरफ तीनों युवक रायफल की नुमाइश करते हुए लगातार गोली तड़तड़ाते हुए नजर आ रहे हैं।गोली तड़तड़ाने वाले में एक राजनीतिक दल के नेता का बॉडीगार्ड और दो जमीन कारोबारी शामिल हैं।सुखदेवनगर थाना प्रभारी ममता कुमार ने कहा कि फायरिंग का वीडियो सोमवार को मिला है, इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि जिला प्रशासन से लोग सुरक्षा के नाम पर हथियार का लाइसेंस लेते हैं,लेकिन इसका प्रयोग अधिकतर रसूख और दबंगई के लिए किया जाता हैं।वायरल हुए वीडियो से ये बात साफ है कि जन्मदिन की पार्टी में लोगों ने अपने रसूख के लिए बेखौफ होकर अंधाधुंध गोलियां तड़तड़ाई।गोलियों की तड़तड़ाहट के दौरान किसी की जान भी जा सकती थी।बैरहाल पुलिस का कहना है कि आरोपियों का हथियार जब्त किया जाएगा, साथ ही लाइसेंस भी रद्द करने की अनुशंसा की जाएगी।





