प्रतिनिधि,जमशेदपुर।सरायकेला खरसावां जिला के राजनगर थाना अंतर्गत मुरुमडीह रिलायंस पेट्रोल पंप के पास गुरुवार की सुबह लगभग 8 बजे मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप के पलटते ही मजदूरों की चीख-पुकार से पूरा वातावरण गूंजन लगा। जिसके बाद आसपास के लोगों समेत राहगीर राहत कार्य में जुट गए। इस दौरान लोग घायल मजदूरों को पिकअप से बाहर निकालकर सड़क किनारे रख रहे थे। वहीं घटना की जानकारी पाकर स्थानीय थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस द्वारा उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल भिजवाया। वहीं घटना में तीन मजदूरों की मौत मौके पर ही हो गई। जिसमें चाईबासा गगरी निवासी 50 वर्षीय महिला जांबी बांड्रा, 40 वर्षीय भोले बांड्रा और 50 वर्षीय महेश्वर बांड्रा शामिल है। जबकि चाईबासा के गालूबासा गांव निवासी 19 वर्षीय सुनीता बांड्रा को एमजीएम अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद उसके शव को अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया गया। वहीं घायलों में गालूबासा निवासी गीता बांड्रा, चाईबासा टोंटो निवासी ईमा देवी, गगरी निवासी बबलू बांड्रा, मनीषा गोप, मुनी कंडाईत, गालुबासा निवासी शुरू गोप, उसकी बेटी पालो गोप, गगरी निवासी सालो बांड्रा, संगीता बांड्रा, झुमरा बांड्रा और माली बांड्रा समेत अन्य शामिल हैं।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि सभी मजदूर पिकअप से हाता के पास एक घर की ढलाई के काम में जा रहे थे। इसी दौरान राजनगर मुरूमडीह मोड़ के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। फिलहाल घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है और जिसमें तीन से चार मजदूरों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।





