अयोध्या।रामनगरी अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी।प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी बड़ी तेजी से चल रही है।गर्भगृह में कौन सी मूर्ति रखी जाएगी इसका फैसला अभी नहीं हुआ है,लेकिन आज वोटिंग के बाद फैसला हो जाएगा कि गर्भगृह में कौन सी मूर्ति रखी जाएगी।सूत्रों के मुताबिक भव्य राम मंदिर के निर्माण और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने वाले ट्रस्ट श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की बैठक में यह वोटिंग होगी।
सूत्रों के मुताबिक अलग-अलग मूर्तिकारों द्वारा बनाए गए तीनों डिजाइनों को मेज पर रखा जाएगा,जिस मूर्ति को सबसे अधिक वोट मिलेंगे उसे 22 जनवरी को राम मंदिर के अभिषेक के समय स्थापित किया जाएगा। इससे पहले बुधवार को ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने कहा था कि भगवान राम की पांच साल पुरानी राम लला को प्रतिबिंबित करने वाली 51 इंच ऊंची मूर्ति को तीन डिजाइनों में से चुना जाएगा,जिसमें सबसे अच्छी दिव्यता होगी और उसके बारे में बच्चों जैसा नजरिया होगा उसका चयन किया जाएगा।
बता दें कि रामनगरी अयोध्या को वैश्विक पटल स्थापित करने की लगातार तैयारी चल रही है। इसी क्रम में रामनगरी में नव्य-भव्य स्वरूप को मूर्त रूप देने के लिए 4115.56 करोड़ रुपये की कुल लागत से 50 मेगा प्रोजेक्ट्स को पूर्ण कर लिया गया है,जिससे भव्य और दिव्य रामनगरी दिखने लगी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 30 दिसंबर को प्रस्तावित दौरे में इन्हीं परियोजनाओं से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण किया जाएगा। हालांकि कई मेगा प्रोजेक्ट्स तीन फेज में निर्माणाधीन हैं,जिसमें से फेज-1 का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि फेज-2 व फेज-3 का कार्य नए वर्ष में जोर पकड़ेगा।





