अयोध्‍या।राम नगरी अयोध्‍या में रामलला का दर्शन करने लिए सोमवार सुबह से श्रध्दालुओं का सैलाब उमड़ रहा है।श्रध्दालुओं के सैलाब में लगातार वृद्धि हो रही है।श्रध्दालुओं के सैलाब को देखते हुए राम मंदिर के आसपास सुरक्षा-व्यवस्था बढ़ाई गई है।भारी संख्या में फोर्स लगाई गई है।सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी तैनात है।





राम मंदिर के आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा-व्यवस्था





श्री राम जन्मभूमि के एसपी (सुरक्षा) बलरामाचारी दुबे ने बताया कि अयोध्या में दर्शनार्थियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। महाकुंभ से काफी दर्शनार्थी यहां आ रहे हैं। उसको देखते हुए काफी अधिक संख्या में फोर्स लगाई गई है। जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारी भ्रमणशील हैं। सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी तैनात है।





रविवार को‌ अनुमान से अधिक पहुंचे श्रद्धालु





बता दें कि राम मंदिर में रविवार को अनुमान से अधिक संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए,ज‍िससे निकासी मार्ग को बदलना पड़ा।राम नगरी की प्रमुख सड़कों पर लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ा।एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले लोगों को समय से पहले निकलना पड़ा।माना जा रहा कि महाकुंभ से स्नान कर लौटे लगभग 15 लाख श्रद्धालु राम नगरी पहुंचे।गणतंत्र दिवस पर अवकाश होने और प्रयागराज से नित्य श्रद्धालुओं के आगमन के कारण रविवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा थी।चारों तरफ से आ रहे श्रद्धालुओं का एक ही पड़ाव राम मंदिर रहा।





श्रद्धालुओं के सैलाब के आगे पुल‍िस के इंतजाम नाकाफी हुए साब‍ित





श्रध्दालुओं के सैलाब का अनुमान लगाकर पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने पहले ही रूट डायवर्जन लागू कर रखा था, लेकिन ये नाकाफी साबित हुआ।रामपथ,रामजन्मभूमि पथ और भक्तिपथ पर श्रध्दालुओं का सैलाब उमड़ा तो राम मंदिर का निकासी मार्ग अंगद टीले से गेट नंबर तीन की ओर करना पड़ गया,जिससे श्रद्धालु दर्शन कर फिर अयोध्या की ओर न जाकर टेढ़ी बाजार की ओर से बाहर निकल सकें। इसके साथ राम मंदिर को दोपहर में 15 मिनट ही बंद रखा गया। मध्याह्न आरती के बाद दर्शन के लिए तुरंत राम मंदिर खोल दिया गया।