रांची।झारखंड में राष्ट्रपति चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गयी हैं।विधानसभा में मतदान केंद्र बनाया गया है।जहां राज्य के सभी 81 विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 10 बजे से शुरू होगा और शाम पांच बजे तक होगा।एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बीच मुकाबला है।





राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि चुनाव पूरी तरह गुप्त मतदान प्रक्रिया के तहत होगा। किसी भी विधायक को अपना मत सार्वजनिक नहीं करना है। चुनाव आयोग की ओर से दिए गए विशेष पेन से ही मतदान पत्र पर चिन्ह लगाकर वोटिंग करनी है। किसी भी विधायक को अपना पेन या मोबाइल लेकर मतदान केंद्र तथा बैलेट बॉक्स तक जाने की इजाजत नहीं है। यह सब बाहर छोड़कर आना होगा।





ऑब्जर्वर राजेंद्र कुमार पहुंचे रांची





राष्ट्रपति चुनाव के लिए चुनाव आयोग की ओर से ऑब्जर्वर के रूप में राजेंद्र कुमार रविवार को राजधानी रांची पहुंचे। पूरी चुनावी प्रक्रिया के दौरान राजेन्द्र कुमार यहां मौजूद रहेंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग होगी। मतदान के बाद 19 जुलाई को बैलेट बॉक्स सील होकर फ्लाइट से दिल्ली भेजा जायेगा।के रवि कुमार ने बताया कि आयोग की सूचना के मुताबिक रांची में झारखंड के सभी विधायक ही वोट करेंगे। यहां के सांसद दिल्ली में वोट करेंगे। वैसे अंतिम समय में कोई सूचना आ जाये तो अलग बात है।





जावेद हैदर हैं सहायक निर्वाची पदाधिकारी





चुनाव आयोग ने झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव जावेद हैदर को सहायक निर्वाची पदाधिकारी तथा संयुक्त सचिव राम निवास दास को सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया है। ऑब्जर्वर की देख-रेख में दोनों सहायक निर्वाची पदाधिकारी पूरी चुनावी प्रक्रिया संपन्न करायेंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार पूरे चुनाव के दौरान मौजूद रहेंगे।



.