लखनऊ।राष्ट्रपति चुनाव को लेकर पूरे देश में सियासी पारा गर्म है।राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू और यशवंत सिन्हा ने नामांकन दाखिल किया है।अब राष्ट्रपति चुनाव में उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के इलिया क्षेत्र के कलानी गांव के रहने वाले किसान विनोद कुमार यादव ने कल सोमवार दिल्ली में राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है।विनोद ने नामांकन करने के बाद कहा कि हमारे सपने में महादेव नंदी पर सवार होकर आए और आदेश दिया था कि राष्ट्रपति का चुनाव लड़ो। उनके आदेश को भला कैसे टाल सकता था।
विनोद ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के गांव के बगल में मेरा गांव है।हमने नामांकन कर दिया है और अब गांव वापस जा रहा हूं। उन्होंने कहा कि देश के 10 राज्यों के सांसदों से मेरी बात हुई है। सभी ने मेरा समर्थन करने का भरोसा दिया है।अब सांसदों-विधायकों का समर्थन जुटाकर मैं राष्ट्रपति का चुनाव जीतूंगा।इसमें जीत दर्ज कर अपने चंदौली जिले का नाम रोशन करूंगा।
विनोद ने कहा कि मैं किसान का बेटा हूं और 10वीं तक की पढ़ाई की है। 2005-06 से चुनाव लड़ना शुरू किया था। बीडीसी, ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, विधानसभा और लोकसभा सबका चुनाव लड़ा। हालांकि, किसी भी चुनाव में जीत नहीं मिली।उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए यूपी, बिहार, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, गोवा, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और कर्नाटक सहित सभी राज्यों के सांसदों से बात चल रही है। सभी ने आश्वस्त किया है कि वे हमारा सहयोग करेंगे।
विनोद ने कहा कि कुछ समस्याओं के समाधान के लिए मैं राष्ट्रपति का चुनाव लड़ रहा हूं। 15 साल की लड़कियों को पढ़ने-लिखने के लिए आने-जाने का किराया फ्री होना चाहिए। सभी प्राइमरी स्कूल में इंग्लिश में दो शिक्षक होने चाहिए। हर गांव में ट्यूबवेल लगना चाहिए, ताकि किसानों को खेत की सिंचाई में दिक्कत न हो। लड़की की शादी हो, तो सारा खर्च लड़के वालों को उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेरी प्राथमिकता में गांव, किसान और नौजवान के साथ ही समाज के सभी वर्ग के लोग हैं।





