रांची।झारखंड में हुए 34वें राष्ट्रीय खेल में 28.34 करोड़ के घोटाले को लेकर पटना सीबीआई की एक टीम धनबाद में छापेमारी की।झारखंड ताइक्वांडो संघ के महासचिव प्रभात शर्मा और उनके भाई संजय शर्मा के घर छापेमारी की गई।ये छापेमारी लगभग सात घंटे तक चली।
शुक्रवार सुबह नौ बजे पटना सीबीआई की टीम प्रभात शर्मा के टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर पहुंची।टीम के सदस्यों ने घर के अंदर पहुंचकर प्रभात शर्मा और उनके भाई संजय शर्मा के बारे में जानकारी ली।परिवार के सदस्यों ने बताया कि दोनों भाई दिल्ली गए हुए हैं। घर में किसी पुरुष सदस्य के नहीं रहने की वजह से स्थानीय बैंक मोड़ थाने से महिला पुलिस को बुलया गया।टीम शाम चार बजे बाहर निकली।
इसं संबंध में झारखंड ताइक्वांडो संघ के महासचिव प्रभात शर्मा ने कहा कि सीबीआई की टीम को पूरा सहयोग किया गया। दिल्ली में रहने की वजह से मैं वहां मौजूद नहीं था। सीबीआई जब कहेगी वह उनके सामने हाजिर होने को तैयार हूं।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार 2011 में वायरल एक वीडियो में शर्मा बंधुओं का नाम आया था। जांच के क्रम में ही सीबीआई की टीम जांच के लिए धनबाद पहुंची। 34वें राष्ट्रीय खेल में टेंडर और खेल सामग्रियों की खरीदारी में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की है। इसी सिलसिले में सीबीआई इससे पहले 27 और 28 मई को देश भर में 18 ठिकानों पर छापेमारी की थी जिसमें धनबाद स्थित झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव एसएम हाशमी के नया बाजार स्थित घर में भी टीम पहुंची थी। झारखंड ताइक्वांडो संघ के महासचिव प्रभात शर्मा के घर छापेमारी को लेकर खेल जगत में भी हैरानी है। सीबीआई में एफआईआर में कही भी शर्मा बंधुओं का नाम नही है।





