वाराणसी।न‌ए साल 2023 की शुरुवात से ही कड़ाके की ठंड का कहर पूरे उत्तर भारत में जारी है।कहीं लोग रजाई में घुसकर जान बचा रहे हैं तो कहीं अलाव जलाकर खुद को गर्म रखने की कोशिश कर रहे हैं।बीते गुरूवार कानपुर से आई एक रिपोर्ट में 24 घंटों में 15 मौते ठंड से हुई है।कड़के की ठंड में कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का मात्र एक हाफ टीशर्ट में भारत जोड़ो यात्रा निकालना भी चर्चा का विषय बन चुका है। कई राजनेताओं से लेकर आम जनता भी सोशल मीडिया पर राहुल गांधी के इस कारनामे की खूब चुटकियां ले रहे हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक अधिवक्ता राहुल गांधी के लिए मसीहा बनकर सामने आया है।





अधिवक्ता श्रीपति त्रिपाठी का कहना है कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदेश दिया है कि सभी प्रदेश वासी इस बात का ध्यान रखें कि ठंड के कारण किसी भी व्यक्ति की मौत न हो या हानि न पहुंचे। अगर किसी के पास कंबल, रजाई, जैकेट या गर्म कपडे नहीं है तो जिसकी जितनी श्रद्धा हो उस प्रकार मदद अवश्य करें।उन्होंने कहा कि जैसा की सभी को पता है राहुल गांधी यूपी में अपनी भारत जोड़ो यात्रा लेकर पहुंचे थे और वह हाड़ कंपाने वाली कड़ाके की ठंड में मात्र एक हाफ टीशर्ट में थे। तो हमने उन्हें एक जैकेट स्पीड पोस्ट के जरिये भेजी है ताकि वह ठंड से अपनी सुरक्षा कर पाए और अपनी जान बचा पाएं। उन्होंने अपने कथन में यह भी जोड़ा कि अगर उन्हें कुछ हो गया तो हम योगी जी को क्या मुँह दिखाएंगे।





मुझे ठंड से डर नहीं लगता





आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है कि किसी ने राहुल गांधी की हाफ टीशर्ट को लेकर चुटकी ली है। इससे पहले हरियाणा पहुंचे कृषि मंत्री जेपी दलाल ने भी राहुल गांधी की टीशर्ट को लेकर कहा था कि इन्हे यह फार्मूला भारतीय सेना से साझा करना चाहिए कि कैसे वे इतनी ठिठुरती हुई ठंड में मात्र एक हाफ टीशर्ट में रह लेते हैं।यही नहीं राहुल गांधी से जब एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तापमान में गिरावट के बाद सर्दी में उनके ऊनी वस्त्र की पसंद के बारे में पूछा गया तो इसके जवाब में राहुल गांधी ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि टी-शर्ट पर इतना हो-हल्ला क्यों किया जा रहा है। मैं स्वेटर नहीं पहनता, क्योंकि मुझे ठंड से डर नहीं लगता। मैं सोच रहा हूं कि जब मुझे ठंड लगने लगे तो मैं स्वेटर पहन लूं।