प्रतिनिधि,टंडवा(चतरा)। शिवपुर-कठौतिया रेलवे नेक लाइन के निर्माण कार्य के लिए संवेदक द्वारा फुलवरिया गांव के शमशान घाट का मिट्टी खोदने पर ग्रामीणों में काफ़ी आक्रोश देखा जा रहा है।इस बावत उपायुक्त चतरा को ग्रामीणों ने आवेदन देकर अविलंब कार्रवाई की मांग किया है।
आपको बता दें बीते दिनों बैदबिघा गांव मे भी रेलवे निर्माण कार्य में जुटी कंपनी राजा कंस्ट्रक्शन द्वारा भी अवैध तरीके से मिट्टी व मोरम का खनन करने का मामला प्रकाश में आया था। वहीं विभागीय स्तर से समुचित कार्रवाई नहीं होने के कारण निर्माण कार्य में लगे संवेदकों का मनोबल सातवें आसमान पर है,जिससे भयादोहन कर जहां तहां बेखौफ अवैध खनन जारी है। उपायुक्त को दिए गए आवेदन में फुलवरिया गांव के ग्रामीणों ने स्थानीय स्व०रामनंदन तिवारी के वंशजों पर संवेदकों से सांठगांठ व अवांछित लाभ प्राप्त कर करीब 5 से 6 एकड़ सार्वजनिक छठ व शमशान घाट क्षेत्र का गैरमजरूआ भूमि में मोरम- मिट्टी खनन कराने का आरोप लगाया है।ग्रामीणों की मानें तो संवेदक द्वारा जहां- तहां 10 से 15 फीट की गहराई तक खुदाई किए जाने के कारण बरसात के दिनों में पशुओं व आमजनों के लिए जानलेवा साबित होगा,जिसके लिए संवेदक व संलिप्त माफियाओं के विरुद्ध समुचित कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन देने वालों में प्रमोद सिंह,अर्जुन प्रजापति,मनेजर उरांव,रामानुज तिवारी,वकील उरांव,मुकेश कुमार,अजय सिंह, कुन्दन सिंह,गोविन्द उरांव,कमलेश उरांव, लक्ष्मण उरांव,बिन्देश्वर सिंह समेत अन्य का नाम शामिल है।





