झारखंड।शुक्रवार को लातेहार जिले के बारियातू प्रखंड में जंगली हाथी ने अंबाखाड़ गांव निवासी गोविंद यादव और नावाटोला गांव निवासी सुबोध उरांव को मार डाला। पहली घटना अमरवाडीह पंचायत के अंबाखांड जंगल में घटी।यहां 50 वर्षीय गोविंद यादव को जंगली हाथी ने पटक कर मार डाला। घटना के संबंध में ग्रामीण मनोज गंझु ने बताया कि वे लोग सुबह चार बजे घर से एक किलोमीटर की दूरी पर आराड़का के पास अपने-अपने भैसों को चरवाही कर रहे थे।



अचानक हाथी के चिंघाड़ने की आवाज सुनकर सभी लोग छिप गए। अंधेरा छटने के बाद लोगों ने देखा कि गोविंद यादव वहां मृत पड़ा था। गोविंद के शव को देखकर लोग शोर मचाने लगे। शोर सुनकर अन्य ग्रामीण जमा हो गये और गोविंद के शव को उठाकर घर लाया गया। दूसरी घटना में प्रखंड क्षेत्र के शिबला पंचायत के नावाटोला (बेसरा) निवासी 35 वर्षीय सुबोध उरांव को हाथी ने मार दिया।मृतक के पिता ने बताया कि सुबोध सुबह उठकर बकरियों को खिलाने के लिए पत्ता लाने गया था। इसी दौरान पीछे से हाथी ने सूंड में लपेटकर उसे पटक दिया। इसके बाद दांतों से छाती पर बाईं तरफ छेद कर दिया जिससे सुबोध की मौत हो गयी।



घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम ने दोनों पीड़ितों के घर जाकर परिजनों को 40-40 हजार रुपए नकद राशि दी और तीन दिन के अंदर 60-60 हजार रुपए और देने की बात कही। शेष तीन लाख रुपए कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिए जाएंगे। मौके पर बीडीओ, सीआई व बालूमाथ वन विभाग के कर्मी सहित कई ग्रामीण मौजूद थे। बारियातू टीओपी प्रभारी दुती कृष्ण महतो ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया।