लखनऊ।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जब से लुलु(मोती) मॉल खुला है तब से वो सुर्खियों में बना हुआ है। लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में 11 एकड़ में करीब 2 हजार करोड़ रुपए की लागत से बना देश का सबसे बड़ा शापिंग मॉल खुलने से पहले अपने स्ट्रक्चर और खूबसूरती को लेकर चर्चाओं में था,लेकिन अब मॉल में नमाज पढ़ने लेकर विवाद छिड़ गया है।लुलु में नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल होने के बाद रोज हंगामा हो रहा है।





शनिवार को खुद को हिंदू संगठन से जुड़ा बताने वाले आदित्य मिश्रा और उसके समर्थक हाथों में झंडे और बैनर लेकर लुलु मॉल में हनुमान चालीसा पढ़ने पहुंच गए।इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस कर्मियों से झड़प हो गई।इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।कुछ देर तक प्रदर्शनकारियों की पुलिस की आंख मिचौली चलती रही। पुलिस ने मॉल के चारों तरफ दौड़-दौड़कर प्रदर्शनकारियों को ढूंढ़ा। ये सभी खुद को हिंदूवादी संगठन से जुड़ा बता रहे हैं और मॉल में हनुमान चालीसा पढ़ने पहुंचे थे।





इसके पहले लुलु मॉल में नमाज पढ़ने के विरोध में हिंदू संगठनों ने शुक्रवार को सुंदरकांड के पाठ का आह्वान किया था। देर शाम करीब सात बजे तीन युवक वहां सुंदरकांड पाठ करने पहुंच गए। जब सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोका तो इस पर हंगामा शुरू हो गया।इस दौरान एक युवक नमाज पढ़ने की बात कहकर अंदर जाने लगा तो माहौल और गरमा गया।





सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शांतिभंग और धारा 144 के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों को जेल भेज दिया। वहीं लुलु मॉल में सुंदरकांड का पाठ का आह्वान करने वाली हिंदू समाज पार्टी के अध्यक्ष और हिंदू नेता स्व. कमलेश तिवारी की पत्नी किरण तिवारी को हाउस अरेस्ट कर लिया गया।