लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लुलु मॉल में नमाज पढ़ने के बाद शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है बल्कि ही बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को लुलु मॉल में पहुंचे रामनगरी अयोध्या के तपस्वी छावनी के जगद्गुरू परमहंस आचार्य को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।वे मॉल में शुद्धिकरण के लिए पहुंचे थे,लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए जाने के दौरान परमहंस की पुलिस से झड़प भी हुई है।





मंगलवार की दोपहर जगद्गुरु परमहंस मॉल पहुंच गए।माॅल में अंदर जाने की वजह पूछी गयी तो कहा कि जहां पर नमाज पढ़ी गई थी।उसका शुद्धिकरण जरूरी है। उन्होंने शुद्धिकरण की बात कही तो पुलिस ने जाने से रोक दिया। इस पर परमहंस आक्रोशित हो गए।





परमहंस ने कहा कि वह नमाज वाली जगह के शुद्धिकऱण के लिए आए हैं। पुलिस के रोकने पर विरोध भी जताया। उन्होंने कहा कि हमने भगवा पहना हुआ है इसलिए रोका जा रहा है। वहां पर विवाद बढ़ता देख पुलिस परमहंस को अपने साथ लेकर गई।





परमहंस ने कहा कि वह लोग नमाज पढ़ने जाते हैं तो जाने दिया जाता है,लेकिन हमें रोका जा रहा है। उन्होंने यहां तक कहा कि मुझे भगवाधारी होने के कारण रोका जा रहा है। मैं अकेले आया हूं फिर भी मुझे नहीं जाने दिया जा रहा है।आप यहां पर ताला लगा दो ताकि कोई नहीं जाए।





आपको बता दें कि राजधानी लखनऊ में उत्तर भारत का सबसे बड़ा माॅल लुलु माॅल का 10 जुलाई को उद्घाटन हुआ था।लुलु मॉल का सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने ओपनिंग सेरेमनी में फीता काटकर उद्घाटन किया था।उद्घाटन के तीन दिन बाद यानी 13 जुलाई को मॉल में नमाज़ पढ़े जाने का एक वीडियो जमकर वायरल हुआ। वीडियो वायरल होते ही बवाल शुरू हो गया था।मॉल प्रबंधन ने नमाज से पल्ला झाड़ लिया था। सीएम योगी के सख्त होने के बाद मंगलवार की सुबह ही नमाज पढ़ने वाले चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है