लखन‌ऊ।भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है।इसको लेकर राजधानी लखनऊ में भाजपा की बैठक चल रही है।बैठक में प्रदेश के कई दिग्गज नेता शामिल हैं।चुनावी तैयारी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का बयान आया है।जबकि यूपी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी अब चुनावी तैयारी के लिए मिशन मोड में दिखाई दे रहे हैं।





यूपी में 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा के लिए जेपी नड्डा ने समीक्षा बैठक शुरू कर दी है।इसी क्रम में 20 जनवरी को गाजीपुर में जेपी नड्डा जनसभा करेंगे। लोकसभा चुनाव की तैयारी के मद्देनजर जेपी नड्डा की इस जनसभा को बेहद अहम माना जा रहा है। 2019 के लोकसभा चुनाव और 2022 के विधानसभा चुनाव में गाजीपुर जिले की सभी सीटों पर भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा था।





बता दें कि भाजपा गाजीपुर से मिशन पूर्वांचल की शुरुआत करेगी।जेपी नड्डा के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी चुनावी मोड में नजर आ रहे हैं।अमित शाह 30 जनवरी को उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे।इस दौरान अमित शाह का अंबेडकर नगर का दौरा प्रस्तावित हो रहा है।सूत्रों के मुताबिक अमित शाह अपने दौरे पर चुनावी तैयारी की समीक्षा करेंगे। साथ ही पिछले लोकसभा चुनाव में हारी हुई सीटों पर खास फोकस रहेगा,इसके लिए अमित शाह कुछ बैठक भी कर सकते हैं।





इसको लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का बयान भी आया है।चौधरी ने कहा कि जिन 14 सीटों पर लोकसभा में हम हारे थे, उन पर भी हमारा मंथन चल रहा है। केंद्र के सभी मंत्रियों का प्रवास होगा।जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह का भी प्रवास होगा।यूपी के अलग-अलग जिलों में हमारी तैयारी पूरी है। चौधरी ने कहा कि हम संगठन में भी आंशिक बदलाव करेंगे।इसके लिए राष्ट्रीय नेतृत्व से अनुमति मांगी है।