वन विभाग ने इंदिरा चानो जंगल में दस अवैध कोयला खदानों का किया डोजरिंग,अवैध कोयला लदे पांच वाहन जब्त
अवैध कोयला कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा:एके परमार
वरीय संवाददाता,बड़कागांव,हजारीबाग। वन विभाग द्वारा हजारीबाग जिले के बड़कागांव क्षेत्र अंतर्गत कोयले के अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार छापेमारी जारी है।इस क्रम में शुक्रवार को इंदिरा चानो जंगल में कोयले के दस अवैध खदानों को ध्वस्त किया गया। डीएफओ सब्बा आलम के निर्देशानुसार एसीएफ एके परमार एवं प्रभारी रेंजर कमलेश सिंह के नेतृत्व में बड़कागांव वन विभाग तथा हजारीबाग सदर रेंज के संयुक्त अभियान के तहत बड़कागांव रेंज प्रक्षेत्र अंतर्गत इंदिरा चानो जंगल में संचालित अवैध कोयला खदानों में छापमारी की गई।इंदिरा जंगल से नौ खदान व चानो जंगल में एक खदान को डोजरिंग किया गया। वहां से कुदाल, बेलचा, तथा तगाड़ी आदि भी जब्त किया गया।
इस दौरान दस कोयला खदानों को डोजरिंग किया गया तथा अवैध कोयला लदे पांच वाहन जब्त करके वन परिसर बड़कागांव लाया गया।समाचार लिखे जाने तक अवैध कोयला कारोबारी के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी।
गौरतलब है कि लगातार तीन दिनों से अवैध कोयला खदानों का डोजरिंग किए जाने पर अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।यह कार्रवाई हजारीबाग वन क्षेत्र,बड़कागांव वन क्षेत्र एवं बड़कागांव थाना के संयुक्त अभियान के तहत की गई।
मौके पर एसीएफ एके परमार ने कहा कि अवैध कोयला कारोबार करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है, जो भी अवैध कोयला कारोबार में पकड़े जाएंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
अवैध कोयला खदानों को डोजरिंग करने वालों में फॉरेस्टर रामचंद्र प्रसाद, वन आरक्षी सन्तु कुमार, विनोद बेसरा, अशोक महतो, अजय यादव, चंदन सिंह सहित बड़कागांव पुलिस व सशस्त्र दल के जवान शामिल थे।





