विशेष संवाददाता,रांची। पिछले कई दिनों से पटना के पारस अस्पताल में इलाज करा रहे बिहार के प्रख्यात पत्रकार सुनील सौरभ की हालत चिन्ताजनक है। उनकी इस हालत को देख उनके परिवार के कई सदस्य राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फरियाद कर चुके हैं,लेकिन अभी तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस ओर कोई पहल नहीं की है। ऐसे में थक-हार कर सुनील सौरभ की पत्नी सुभद्रा सिंह ने बिहार के सभी पत्रकारों व पत्रकार संगठनों से एक मार्मिक अपील की हैं।





शायद बिहार के पत्रकारों और पत्रकार संगठनों तक उनकी बातें पहुंचे और वे इस दिशा में पहल कर राज्य सरकार से उनकी मदद के लिए दबाव डाल सकें।सचमुच अगर पत्रकार संगठन इस ओर कदम बढ़ाते हैं, तो निश्चय ही सुभद्रा सिंह के पति पत्रकार सुनील सौरभ को इसका फायदा मिलेगा। वे गंभीर बीमारी से अपना इलाज ठीक ढंग से करा पायेंगे।





मैं सुभद्रा सिंह, ग्राम व पोस्ट:करनौतीथाना बख्तियारपुर, जिला पटना की निवासी हूं। मेरे पति सुनील सौरभ बिहार के पटना व मगध प्रमंडल में विगत लगभग चार दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने हिंदुस्तान, राष्ट्रीय सहारा, चौथी दुनिया सहित अन्य समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विभिन्न संस्थाओं द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका है।फिलहाल मेरे पति पारस अस्पताल पटना में भर्ती हैं। उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।अतः मैं विशेषकर पटना व मगध प्रमंडल के पत्रकार बंधुओं व पत्रकारों के लिए समर्पित संगठनों से संकट की घड़ी में सहयोग की अपेक्षा करती हूं।





मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मैंने सहयोग करने का अनुरोध किया है। आप सभी पत्रकार बंधुओं से करवद्ध प्रार्थना है कि कृपया मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तक मेरे पति के बारे में जानकारी पहुंचाने का कष्ट करें। मुख्यमंत्री मेरे पति सुनील सौरभ को व्यक्तिगत रूप से जानते हैं।मुझे आशा है कि पत्रकार बंधु यदि मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें इस संबंध में अवगत कराएंगे, तो मुझे ऐसे संकट की घड़ी में सहायता मिल सकती है। इसलिए कृपया मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर हमारी मदद करें। विपत्ति के समय सहयोग के लिए मैं और मेरा पूरा परिवार पत्रकार बंधुओं का आजीवन आभारी रहेगा।

(सुभद्रा सिंह)





ग्राम+पोस्ट: करनौती, थाना :बख्तियारपुर जिला: पटना (बिहार)



पिनकोड: 803212



मोबाइल नंबर: 9431085007/ 7070697105.