विकलांगता मुक्त भारत के सपने को साकार कर रहा हैं मारवाड़ी समाज,मानव सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं:अर्जुन मुंडा





सुरभि शाखा ने सैकड़ों दिव्यांगो को दी नई जिंदगी:विद्युत वरण महतो







प्रतिनिधि,जमशेदपुर।विकलांगता मुक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी सुरभि शाखा का तीन दिवसीय निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर रविवार साकची स्थित अग्रसेन भवन में संपन्न हुआ। वहीं समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युत वरण महतो और भाजपा नेत्री मीरा मुंडा उपस्थित रहे।





इस दौरान अतिथियों के हाथों दिव्यांगो के बीच व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकर और छड़ी का वितरण भी किया गया। साथ ही कार्यक्रम में विशेष योगदान के लिए सुरभि शाखा द्वारा ओमप्रकाश रिंगसिया को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। शिविर में आए सभी दिव्यागो के बीच राजस्थान कल्याण परिषद द्वारा कंबल का वितरण भी किया गया। इससे पहले अर्जुन मुंडा और विद्युत वरण महतो ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए स्टील सिटी सुरभि शाखा और मारवाड़ी समाज की प्रशंसा की। मौके पर दोनों भाजपा नेताओं ने इस तरह के नेक कार्य के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। वहीं अर्जुन मुंडा ने कहा कि मानव सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं हैं। मारवाड़ी समाज विकलांगता मुक्त भारत के सपने को साकार करने में लगा हुआ हैं।





इसी तरह विद्युत वरण महतो ने कहा कि सैकड़ों दिव्यांगो को नई जिंदगी देने से बड़ा पुण्य का काम दूसरा नहीं हो सकता। जबकि समारोह की अध्यक्षता करते हुए शाखा अध्यक्ष उषा चौधरी ने बताया कि सुरभि शाखा द्वारा तीन दिनों के लिए इस शिविर का आयोजन किया गया था। साथ ही अधिक रजिस्ट्रेशन होने के कारण दो दिनों के लिए शिविर को और बढ़ा दिया गया। ताकि शिविर में आने वाले सभी लोगों को लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि तीन दिनों में 30 व्हीलचेयर, 7 बैसाखी, पांच वॉकर एवं पांच छड़ी ऐेसे दिव्यांगों को प्रदान किया गया जिनका किसी कारणवश पैर व हाथ नहीं लग पाया।





समारोह का संयुक्त रूप से सफल संचालन करते हुए पारुल चेतानी एवं रजनी बंसल द्वारा बताया गया कि तीन दिनों में 380 लोगों का रजिस्ट्रेशन हुआ हैं। जिसमें 220 लोगों को हाथ व पैर लगाया गया हैं। वहीं दो दिनों बाद 10 जनवरी मंगलवार को लगभग 150 लोगों को कृत्रिम अंग पैर व हाथ वितरण किया जाएगा। शिविर में गोलमुरी गाराबासा निवासी राजकुमार शाह भी उपस्थित हुए। उनके दोनो पांव नहीं हैं। टेक्निकल कारणों से उनके पैर नहीं लग पाए।





शाखा की महिलाओं ने उनसे सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि किसी सामान की नहीं, बल्कि रोजगार की जरूरत है। वे ऑटो चलाना जानते हैं। सुरभि शाखा ने यह बात सुनकर उन्हें रोजगार के लिए एक नया ई रिक्शा प्रदान किया। ताकि वह सम्मान पूर्वक अपने परिवार का पालन पोषण कर सके।





इन तीन दिवसीय निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर को सफल बनाने में मुख्य रूप से उषा चौधरी, निधि अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, पारुल चेतानी, रजनी बंसल, मनीषा संघी, कविता अग्रवाल, निशा सिंघल समेत शाखा की सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।मौके पर ओमप्रकाश रिंगसिया, संतोष अग्रवाल, अजय चेतानी, अरुण गुप्ता, शंकर सिंघल, अशोक चौधरी, बजरंग अग्रवाल, सांवरमल अग्रवाल, दीपक पारिक, कमल अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, विमल रिंगसिया समेत अन्य मौजूद थे।