प्रतिनिधि,चतरा। सूबे के मंत्री सत्यानन्द भोगता शनिवार को सदर प्रखंड के धमनियां पुलिस पिकेट के समीप स्थित न्यू सेंट्रल पब्लिक स्कूल के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। विद्यालय में आगमन पर मंत्री भोगता का बच्चों और निदेशक के द्वारा पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। ततपश्चात मंत्री भोगता ने कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया।





स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इसके उपरांत मंत्री भोगता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिना शिक्षा के देश का विकास संभव नहीं है। शिक्षा से ही मनुष्य का चारित्रिक विकास होता है। जिससे देश की उन्नति होती है। शिक्षा एक व्यक्ति को उसके मानसिक, शारीरिक और आत्मिक स्तर को सुधारने में मदद करती है। यह हमें बहुत से क्षेत्रों का ज्ञान प्रदान करके आत्मविश्वास प्रदान करती है।





इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रजकिशोर उर्फ बिरजु तिवारी, राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्ष नवलकिशोर यादव, जीप सदस्य चंद्रदेव गोप, मुखिया अनिता यादव, राजद नेता भोली साहू, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण भगत, महेंद्र दांगी, अरविंद सिंह समेत कई गणमान्य मौजूद थे।