वीआईपी के चुनावी मैदान में उतरते ही एनडीए और यूपीए में खलबली : डॉ. राजकुमार
आर एस मैरिज हॉल गोला में चरण केवट के प्रत्याशी के रूप में विधिवत घोषणा
प्रतिनिधि,गोला। विकासशील इंसान पार्टी के चुनावी समर में उतरते ही रामगढ़ विधानसभा का चुनावी माहौल एक अलग ही रंग में नजर आ रहा है। भारी जनसमर्थन जिस तरह से यहां की जनता का देखने को मिल रहा है।उससे एनडीए और यूपीए दोनों में खलबली सी मच गई है। उक्त बातें शुक्रवार को वीआईपी के झारखंड प्रदेश प्रभारी डॉ. राजकुमार चौधरी ने गोला चौक स्थित आर एस मैरिज हॉल में आयोजित कार्यकर्ता एवं सहयोगी की आहूत बैठक में कहीं।इस अवसर पर रामगढ़ विधानसभा के प्रत्याशी के रूप में चरण केवट की विधिवत घोषणा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. राजकुमार चौधरी एवं झारखंड प्रदेश प्रभारी चंदन सहनी ने संयुक्त रूप से की।
डॉ. राजकुमार ने कहा कि रामगढ़ विधानसभा का उपचुनाव अपने आप में काफी अहम है, क्योंकि झारखंड गठन के बाद यहां एनडीए और यूपीए की सरकारें रही हैं,लेकिन किसी ने भी जन भावना का सम्मान नहीं किया। वे पिछले कई दिनों से विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं, हर जगह जनता में निराशा नजर आ रही है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को आश्वस्त किया कि एक पार्टी के रूप में वीआईपी में जनता की आवाज बनेगी।प्रदेश प्रभारी चंदन सहनी ने कहा कि उपचुनाव से जनता ठगा हुआ महसूस कर रही है तथा एक ऐसे नेता का चुनाव करने का मन बना चुकी है जो निष्पक्ष भाव से उनकी भावना को समझे और उनके हित में काम करें।
रामगढ़ विधानसभा प्रत्याशी चरण केवट ने अपने जोशीले संबोधन में कहा कि नेताओं ने तो क्षेत्र का सर्वनाश कर ही दिया है। यहां सरकारी महकमा भी भ्रष्टाचार में लिप्त नजर आता है तथा जनता की सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि कोयला तस्करी के नाम पर स्थानीय गरीबों को घरों से उठाकर पुलिस ले जाती है। क्षेत्र में अधिकांश लोग किसान हैं बावजूद इसके न सिंचाई की सुविधा है और न ही सरकार उनकी मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान देती है। बालू घाटों के आवंटन में भी जिस तरह से लालफीताशाही का बोलबाला और जिस तरह बालू के दाम अनियंत्रित हो गए उससे आम जनता एवं मजदूरों का स्थानीय रोजगार भी छिन गया है।
इस अवसर पर मुख्य वक्ताओं में धनबाद प्रदेश सचिव मनोज निषाद, बोकारो प्रदेश सचिव संजय मल्लाह, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद केवट, धनबाद जिला प्रभारी राजकुमार निषाद, रामगढ़ जिला अध्यक्ष किशोरी केवट, मंच संचालन आदित्य सिंह ने किया। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कार्यालय सचिव अरविंद केवट, परमेश्वर महतो, उमेश नायक, रामसुंदर मल्लाह, संजय मल्लाह उपस्थित रहे।इस आशय की जानकारी वीआईपी झारखंड मीडिया प्रभारी राजेश कुमार ने दी।





