वाराणसी।बाबतपुर लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से लगातार दूसरे दिन भी सोना पकड़े जाने का मामला सामने आया है। बुधवार रात शारजाह से आए यात्री के पास से 18 लाख रुपए का सोना पकड़ा गया था, जबकि गुरुवार रात भी एक विमान यात्री के पास से एक करोड़ 21 लाख से अधिक का सोना पकड़ा गया है।





इस सम्बन्ध में कस्टम अधिकारियों ने बताया कि शारजाह से वाराणसी फ्लाइट संख्या IX184 पहुंची तो यात्रियों की कस्टम चेकिंग शुरू हुई। इस चेकिंग में एक यात्री के पास से कुछ क्यूब बरामद हुए जिनपर कला टेप चढ़ा हुआ था। उस सम्बन्ध में उससे जानकारी ली गयी तो वह कुछ बताने में असमर्थ रहा।एक्स-रे जांच के दौरान सोना निकला जिन्हे क्यूब के आकार में ढाला गया था।बरामद सोना लगभग 2334 ग्राम है।जिसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ 21 लाख रुपए से अधिक है। सभी क्यूब पर मार्का ARG UAE 10 TOLAS 999.0 लिखा था। 21 जुलाई को भी शारजाह से वाराणसी पहुंचे बरेली के एक टेलर के ट्रेवल बैग में सोना मिला था।





बिहार निवासी यात्री से पूछताछ जारी





सोने के साथ पकड़ा गया यात्री अब्दुल रहमान अंसारी पुत्र हाफिज मिया बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के दहवा पोस्ट तैालाहा का रहने वाला है।अब्दुल ने बताया कि दो माह पहले नौकरी के लिये शारजाह गया था।उसके साथ रहे यात्री को संदेह के आधार पर पकड़ा गया था। हालांकि पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। सोने के साथ पकड़े गए यात्री पर सीमा शुल्क अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उससे पूछताछ की जा रही है।