सदर एसडीओ व अपर समाहर्ता ने किया चतरा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण, पाई गई कई अनियमितता





चिकित्सकों की ऑनलाइन उपस्थित व उपस्थिति पंजी का होगा मिलान:एसडीओ





प्रतिनिधि,चतरा। चतरा उपायुक्त अबु इमरान के निर्देश पर मंगलवार को सदर एसडीओ मुमताज अंसारी व अपर समाहर्ता पवन कुमार मंडल ने शाम करीब 5:00 बजे चतरा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में चतरा के सिविल सर्जन डॉ. श्याम नंदन सिंह तथा अस्पताल के उपाधीक्षक मनीष कुमार लाल मौजूद थे। पदाधिकारी द्वय ने कोरोना के पुनः दस्तक के मद्देनजर मरीजों के इलाज व जांच की स्थिति व रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों की उपस्थिति की जांच की। तत्पश्चात विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों का हाल चाल जाना। इसके पश्चात सिविल सर्जन को अस्पताल में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।





एसडीओ मुमताज अंसारी ने कहा कि उन्हें शिकायत मिली है कि ओपीडी से कभी-कभी कोई डॉक्टर गायब रहते हैं। इस शिकायत को दूर किए जाने की जरूरत है। पदाधिकारियों ने टेक्निशियन,ओपीडी महिला वार्ड तथा ड्रेसिंग रूम का निरीक्षण भी किया।





एसडीओ मुमताज अंसारी ने बताया कि सिविल सर्जन से सदर अस्पताल में पदस्थापित चिकित्सको की पदस्थापना की लिस्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण क्रम में यह पाया गया कि रोस्टर के अनुसार ड्यूटी में उपस्थित कई चिकित्सको की उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर नहीं हैं,जबकि ऑनलाइन में उपस्थिति दिख रही है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व रजिस्टर का डिटेल्स मांगा गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि चिकित्सको ने अस्पताल में उपस्थित होकर ऑनलाइन उपस्थिति दी है अथवा सिर्फ कोरम ही पूरा किया गया है।





आपको बताते चलें कि चतरा के उपायुक्त सदर अस्पताल की स्थिति में सुधार को लेकर काफी गंभीर हैं। खासकर कोरोना की दुबारा वापसी को लेकर समय रहते आमूल चूल परिवर्तन चाहते हैं। ताकि स्थिति भयावह न हो। इन्हीं सब व्यवस्था में सुधार के मद्देनजर एसडीओ व अपर समाहर्ता को औचक निरीक्षण हेतु भेजा गया। एसडीओ मुमताज अंसारी ने बताया कि शाम के वक्त ओपीडी में डॉक्टर उपलब्ध पाए गए। उन्होंने साफ सफाई तथा पानी की सुविधा के लिए सुधार करने को कहा।