रांची। झारखंड की राजधानी रांची के सफायर इंटरनेशनल स्कूल के छात्र विनय महतो हत्याकांड की जांच अब सीबीआई करेगी।झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी की अदालत ने गुरुवार को ये फैसला सुनाया।अदालत ने आठ महीने में जांच पूरी करने का आदेश दिया है।पुलिस की जांच से असंतुष्ट विनय के पिता ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। हाईकोर्ट ने याचिका स्वीकार करते हुए सीबीआई जांच करने का आदेश दिया है।





पुलिस की जांच संतोषजनक नही





झारखंड हाईकोर्ट ने पुलिस की जांच और ट्रायल कोर्ट की टिप्पणी को देखते हुए छात्र विनय महतो हत्या मामले को सीबीआई को सुपुर्द करने का निर्देश दिया।अदालत ने माना कि मामले के अनुसंधानकर्ता ने आईजी द्वारा दिए गए निर्देश का अनुसंधान के दौरान पालन नहीं किया है।पुलिस की जांच संतोषजनक नहीं है।इसलिए मामले की जांच के लिए सीबीआई को देना जरूरी है।





हाईकोर्ट में दायर की थी क्रिमिनल रिट याचिका





राजधानी रांची के सफायर इंटरनेशनल स्कूल के छात्र विनय महतो के पिता मनबहाल महतो ने हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका दायर की थी।मनबहाल ने पुलिस की जांच पर संदेह व्यक्त करते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी।प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता जीतेंद्र सिंह ने अदालत में पक्ष रखा।अपने बच्चे विनय महतो को न्याय दिलाने को लेकर सीबीआई जांच के लिए मनबहाल महतो अक्तूबर 2017 में सुप्रीम कोर्ट गये थे।वहां सुनवाई के बाद हाईकोर्ट में अपील करने का आदेश दिया गया था।उसके बाद आठ मार्च 2018 को झारखंड हाइकोर्ट में सीबीआई जांच के लिए मनबहाल ने याचिका दाखिल की थी। गुरुवार को इसी मामले में अदालत ने सीबीआई जांच का आदेश दिया।





सातवीं का छात्र था विनय महतो





आपको बता दें कि राजधानी रांची के सफायर इंटरनेशनल स्कूल के सातवीं के छात्र विनय महतो की हत्या पांच फरवरी 2016 को स्कूल परिसर में ही कर दी गयी थी। पुलिस ने इस मामले में नाजिया हुसैन, उनके पति आरिफ अंसारी,बेटे और बेटी सहित अन्य को आरोपी बनाया था।पुलिस ने जांच में पाया था कि विनय महतो का संबंध नाजिया की बेटी से था। इसे लेकर नाजिया और उसका बेटा गुस्से में रहता था।घटना के दिन भी नाजिया के बेटे ने विनय को अपने घर सोया-चिल्ली खाने के लिए बुलाया था।नाजिया के बेटे ने पहले विनय से कहा कि तुम मेरी बहन के रास्ते से हट जाओ और उसका पीछा छोड़ दो।विनय जब वहां से निकलने लगा इसी बीच नाजिया के बेटे ने विनय का सिर दीवार से टकरा दिया, जिससे विनय घायल हो गया।बाद में बेहोशी की हालत में विनय को स्टॉफ क्वार्टर के कॉरिडोर से नीचे फेंक दिया।जिससे विनय की मौत हो गयी थी।