लखनऊ।आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) को बड़ी कामयाबी मिली है।यूपी एटीएस ने शुक्रवार को जैश-ए-मोहम्मद और तहरीख-ए-तालिबान पाकिस्तान से जुड़े एक आतंकी को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है।बताया गया कि आतंकवादी मुहम्मद नदीम पाकिस्तान के आतंकवादी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और तहरीख-ए-तालिबान पाकिस्तान के सीधे संपर्क में था। एटीएस ने बताया कि उसे जैश-ए-मोहम्मद ने नूपुर शर्मा को मारने का काम दिया था।
पूछताछ में आतंकी ने किया ये खुलासा
उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि सहारनपुर जिले में गंगोह थाना क्षेत्र के कुंडा कला गांव के 25 वर्षीय मोहम्मद नदीम को एटीएस ने गिरफ्तार किया है।पुलिस ने अपने बयान में पहले तहरीक-ए-तालिबान से भी मोहम्मद नदीम के जुड़े होने का दावा किया था,लेकिन, कुछ देर बाद जारी दूसरे बयान में उसने इस अंश को हटा दिया।
नूपुर शर्मा की हत्या की मिली थी जिम्मेदारी
नए बयान में दावा किया गया है कि नदीम ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसे जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ने नूपूर शर्मा की हत्या करने का जिम्मा दिया था।भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नुपूर शर्मा हजरत पैगंबर पर कथित विवादित टिप्पणी के बाद सुर्खियों में आई थीं।
लखनऊ में दर्ज किया गया केस
गिरफ्तार आतंकी नदीम के पास से पुलिस ने एक मोबाइल, दो सिम और विभिन्न प्रकार का बम बनाने का प्रशिक्षण साहित्य बरामद किया है।नदीम के खिलाफ लखनऊ के एटीएस थाने में विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम समेत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
फिदायीन हमले की थी तैयारी
कुमार ने बताया कि नदीम जैश-ए-मोहम्मद एवं अन्य संगठनों से प्रभावित होकर फिदायीन हमले की तैयारी कर रहा था। उनके अनुसार गिरफ्तारी के बाद उसके पास से बरामद मोबाइल फोन के प्राथमिक अवलोकन में पुलिस को पाकिस्तान और अफगानिस्तान के आतंकियों से चैट और वॉइस मैसेज भी मिले हैं।
2018 से जैश के सीधे संपर्क में था नदीम
बयान में कहा गया है कि पूछताछ में नदीम ने स्वीकार किया कि वह 2018 से जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के सीधे संपर्क में था।इसके अलावा, उसने यह भी स्वीकार किया कि उसे जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी विशेष प्रशिक्षण के लिए पाकिस्तान बुला रहे थे,जिस पर वह वीजा लेकर पाकिस्तान और इसके बाद मिस्र के रास्ते सीरिया और अफगानिस्तान भी जाने की योजना बना रहा था।एटीएस को पता चला है कि भारत में आतंकी के संपर्क में कुछ और लोग भी हैं।फिलहाल एटीएस ने उनकी धरपकड़ के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी है।





